सेना के तीन माइक्रोलाइट विमान सैफई एयर स्ट्रिप पहुंचे:‘फ्लाइंग रैबिट्स’ अभियान में 4,434 किमी उड़ान भरेंगे, 36 जगह होंगे एयर शो

Nov 21, 2026 - 18:21
0
सेना के तीन माइक्रोलाइट विमान सैफई एयर स्ट्रिप पहुंचे:‘फ्लाइंग रैबिट्स’ अभियान में 4,434 किमी उड़ान भरेंगे, 36 जगह होंगे एयर शो
इटावा के सैफई हवाई पट्टी पर शनिवार दोपहर 1 बजे भारतीय सेना के तीन माइक्रोलाइट विमान पहुंचे। ‘फ्लाइंग रैबिट्स’ नाम से चल रहे विशेष अभियान के तहत सेना की टीम 4434 किलोमीटर की हवाई यात्रा करेगी। ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने और आर्मी सर्विस कोर (एएससी) के 266वें स्थापना दिवस के मौके पर यह अभियान निकाला जा रहा है। इसके जरिए देशभर में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया जा रहा है। सेना के तीनों विमान अलीगढ़ से उड़ान भरकर सैफई पहुंचे। आर्मी एडवेंचर विंग की ओर से आयोजित इस अभियान की शुरुआत 16 नवंबर को गया स्थित एएएनसी (माइक्रोलाइट) से हुई थी। अभियान का नेतृत्व कर्नल राहुल मनकोटिया कर रहे हैं। इसकी यात्रा 17 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। अभियान के दौरान देश के 36 स्थानों पर एयर शो आयोजित किए जाएंगे। 37 सदस्यीय टीम में 13 अधिकारी और 24 जेसीओ-जवान सैफई पहुंचे अभियान दल में चार अधिकारी और 15 जवान मौजूद रहे। मेजर एसएन गुप्ता ने बताया कि पूरे अभियान में 13 अधिकारी और 24 जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) व जवान शामिल हैं। हर माइक्रोलाइट विमान में दो लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रा के अलग-अलग चरणों में अधिकारियों और जवानों की जिम्मेदारियां भी बदलती रहती हैं। युवाओं में देशभक्ति और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना उद्देश्य मेजर एसएन गुप्ता ने बताया कि अभियान का मकसद युवाओं में देशभक्ति और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है। साथ ही लोगों को ‘वंदे मातरम’ के महत्व और सेना की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना भी इसका उद्देश्य है। सैफई में ठहरने के बाद टीम का अगला पड़ाव झांसी होगा। वहां रात में रुकने के बाद आगे की यात्रा शुरू की जाएगी। बेंगलुरु में एयर शो के साथ होगा समापन यह अभियान आर्मी सर्विस कोर के 266वें स्थापना दिवस और 12वें पुनर्मिलन समारोह से भी जुड़ा है। इसका समापन बेंगलुरु स्थित एएससी सेंटर एंड कॉलेज में आठ दिसंबर को एयर शो के साथ प्रस्तावित है। इस मौके पर डीजीएसटी की ओर से अभियान में शामिल सेना के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User