शादी के पांच महीने में ही दहेज के लिए मारपीट:अलीगढ़ में विवाहिता को घर से निकाला, पिता को भी रास्ते में घेरकर पीटा, मुकदमा दर्ज

Nov 09, 2026 - 18:20
0
शादी के पांच महीने में ही दहेज के लिए मारपीट:अलीगढ़ में विवाहिता को घर से निकाला,  पिता को भी रास्ते में घेरकर पीटा, मुकदमा दर्ज
शादी के महज पांच महीने के भीतर ही पति और ससुरालियों पर विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकालने और उसके पिता को रास्ते में घेरकर पीटने का आरोप लगा है। बेटी को लेकर घर लौट रहे पिता की बाइक में आरोपियों ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद पति, ससुर और सास ने मिलकर पिता-बेटी को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार को तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 23 अक्टूबर को बेटी को घर से निकाला क्वार्सी क्षेत्र के शहंशाबाद निवासी अलाउद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी इमराना की शादी 23 मई 2026 को जवां क्षेत्र के रिगसपुरी निवासी अरमान के साथ हुई थी। आरोप है कि 23 अक्टूबर को अरमान और उसके परिजनों ने बेटी के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इस संबंध में 28 अक्टूबर को सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी। शमशाद मार्केट से करने लगे पीछा अलाउद्दीन के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे वह अपनी बेटी को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। शमशाद मार्केट के पास अरमान, इस्माइल और शहनाज ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें रुकने के लिए कहा। वह बाइक लेकर आगे बढ़ते रहे, लेकिन आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा। हबीब हॉल के पास बाइक में मारी टक्कर आरोप है कि एएमयू के हबीब हॉल के पास अरमान ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे पिता-बेटी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद इस्माइल और शहनाज भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर अलाउद्दीन और उनकी बेटी को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। शोर सुनकर राहगीर जुट गए और डायल 112 की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बेटी को उठाकर हत्या करने की धमकी पुलिस आरोपियों और पीड़ित पक्ष को जमालपुर पुलिस चौकी ले गई। अलाउद्दीन का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं कि शिकायत करने पर उनकी बेटी को जबरन उठाकर ले जाएंगे और हत्या कर देंगे। इससे बेटी डरी हुई है। सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार को अरमान, इस्माइल और शहनाज के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मोहित कुमार को सौंपी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User