शाहजहांपुर में चोरी के आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की:आरोपी के पैर में लगी, एक सिपाही भी घायल
शाहजहांपुर में शनिवार रात करीब 12 बजे चोरी के आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। फायरिंग में सिपाही लवकुश भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा। आरोपी की पहचान राजेश उर्फ कमती के रूप में हुई है। वह लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के बढ़खर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में 25 मुकदमे दर्ज हैं। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के बांडीगांव निवासी रियासत ने 17 जून को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर से 10 ग्राम की झुमकी और 20 हजार रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरसी मिशन पुलिस हरदोई चौराहे पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को बताया कि आरोपी नेशनल हाईवे पर सराय काइयां जाने वाले रास्ते के पास खड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपी ने तमंचे से फायरिंग की। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद धातु की 5 वस्तुएं, पीली धातु की 1 वस्तु, 1 देशी तमंचा, 2 खोखा कारतूस और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए। घायल आरोपी और सिपाही लवकुश को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)