शाहजहांपुर में कार-बाइकों की टक्कर में पांच घायल:मां की गोद से 10 फीट उछलकर ई-बस की छत पर गिरा बच्चा, सुरक्षित
शाहजहांपुर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे कार और दो बाइकों की टक्कर हुई। मां की गोद में बैठा दो साल का बच्चा उछलकर ई-बस की छत पर गिरा। उसे चोट नहीं आई। हादसे में बच्चे के माता-पिता समेत पांच लोग घायल हुए। सभी को अस्पताल भेजा गया। हादसा सिंधौली थाना क्षेत्र में मुड़िया मोड़ के पास हुआ। नियामतपुर गांव के शैलेन्द्र अपनी पत्नी लक्ष्मी और बेटे के साथ भाईदूज पर पूरनपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। मुड़िया मोड़ के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान दूसरी बाइक भी कार से टकरा गई। हादसे में लक्ष्मी, शैलेन्द्र, दूसरी बाइक पर सवार हसनापुर गांव के कलीम खां और रूकुम सिंह, और कार सवार कोटाबारी के विनय मिश्रा घायल हुए। कार के एयरबैग खुलने से विनय मिश्रा को कम चोट आई। टक्कर के बाद बच्चा करीब 10 फीट उछलकर वहां से गुजर रही ई-बस की छत पर गिरा। स्थानीय लोग बस की छत पर चढ़े और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारा। बच्चा रो रहा था। इसके बाद लोगों ने उसे परिवार को सौंप दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सिंधौली थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि कार और दो बाइकों की टक्कर हुई थी। मां की गोद में बैठा बच्चा उछलकर बस की छत पर गिरा, लेकिन सुरक्षित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)