शाहजहांपुर में युवक ने गोली मारकर किया सुसाइड:दो महीने पहले हुई थी शादी, मायके से पत्नी के नहीं लौटने से परेशान था
शाहजहांपुर के निगोही इलाके में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से परेशान एक युवक ने गुरुवार दोपहर घर में खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान 30 वर्षीय मनसुख के रूप में हुई है। उसने 12 बोर की पौनिया से खुद को गोली मारी। घटना के समय परिवार के सभी लोग घर से बाहर थे। परिजनों ने बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। दो महीने पहले हुई थी शादी मनसुख मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब दो महीने पहले उसकी शादी बिहार की रहने वाली एक युवती से हुई थी। शादी के बाद पत्नी उसके साथ घर आई थी। करीब एक महीने पहले वह मायके चली गई, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों के मुताबिक, पत्नी के वापस न आने से मनसुख परेशान रहता था। परिवार से कहता था- आत्महत्या कर लूंगा मनसुख के भाई ने पुलिस को बताया कि पत्नी के नहीं लौटने के कारण उसका भाई मानसिक रूप से परेशान था। वह परिवार के लोगों से कई बार आत्महत्या करने की बात कह चुका था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार के सभी लोग घर से बाहर थे। इसी दौरान मनसुख ने घर में रखी 12 बोर की पौनिया से खुद को गोली मार ली। भाई खुद थाने पहुंचकर दी सूचना भाई के मुताबिक, जिस पौनिया से मनसुख ने गोली मारी, वह घर में ही रखी थी। परिवार को पुलिस को सूचना देने की जानकारी नहीं थी। इसके बाद उसका भाई खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पौनिया कब्जे में ले ली। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)