शराब के नशे में भाई ने बहन का सिर फोड़ा:कल्याणपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला किया

Nov 11, 2026 - 10:48
0
शराब के नशे में भाई ने बहन का सिर फोड़ा:कल्याणपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला किया
कानपुर के कल्याणपुर में शराब के नशे में एक बड़े भाई ने छोटी बहन पर ईंट-पत्थर से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। भाई के गाली-गलौज करने और परिजनों के साथ मारपीट करने का विरोध करना बहन को भारी पड़ गया। आरोपी ने पहले बहन के साथ मारपीट की और फिर घर के बाहर पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। सिर फटने से बहन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी भाई उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से भाग निकला। परिजन घायल युवती को आनन-फानन में पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब के नशे में घर पहुंचकर करने लगा गाली-गलौज कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रहने वाला धर्मेंद्र पेंटर का काम करता है। परिवार में उसकी पत्नी, मां और छोटी बहन चांदनी रहती हैं। चांदनी के मुताबिक, उसका भाई अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचकर परिजनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। मंगलवार देर रात भी वह शराब के नशे में घर आया और सभी के साथ अभद्रता करने लगा। घरवालों ने जब उसे शांत रहने और गाली-गलौज नहीं करने के लिए कहा तो वह और भड़क गया। इसके बाद उसने परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची बहन के सिर पर मारा पत्थर भाई को परिजनों के साथ मारपीट करते देख चांदनी बीच-बचाव करने पहुंची। इस पर आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने घर के बाहर पड़ा पत्थर उठाकर बहन के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चांदनी का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। बहन को घायल देखकर भी आरोपी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई और मौके से फरार हो गया। अस्पताल में कराया उपचार, 112 पर दी सूचना घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन घायल चांदनी को तत्काल पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाई फरार हो चुका था। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी ने अपनी बहन के सिर पर पत्थर से हमला किया था, जिससे वह घायल हो गई। आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User