शूटरों को कौन दे रहा था पल-पल की लोकेशन?:सैलून में कुर्सी पर बैठते ही भीतर आए, हर मूवमेंट की थी जानकारी
प्रयागराज के अल्लापुर में अरविंद पासी की हत्या को जिस तरह अंजाम दिया गया, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शूटरों को अरविंद की पल-पल की लोकेशन कौन दे रहा था? उन्हें उसकी हर गतिविधि की जानकारी थी। अरविंद जब तक सैलून में पहुंचकर कुर्सी पर नहीं बैठा, तब तक हमलावर दुकान के भीतर नहीं आए। जैसे ही वह शेविंग कराने के लिए कुर्सी पर बैठा, तीनों हमलावर अंदर पहुंचे और गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। इस घटनाक्रम से आशंका है कि मौके पर कोई ऐसा व्यक्ति मौजूद था, जो अरविंद की रेकी कर रहा था और उसकी गतिविधियों की जानकारी शूटरों तक पहुंचा रहा था। उसे पता था कि अरविंद कहां जा रहा है और कब किस जगह पहुंचा है। यह भी संभव है कि हमलावरों को पहले से उसकी दिनचर्या और सैलून पहुंचने की जानकारी रही हो। पुलिस के लिए अब शूटरों के साथ-साथ इस संभावित भेदिये की पहचान करना भी बड़ी चुनौती है। शादी में जाने से पहले बना निशाना अरविंद अपनी मौसी के घर शादी में शामिल होने जाने वाला था। इसी वजह से वह तैयार होने के लिए सैलून पहुंचा था। हमलावरों ने इसी मौके को चुना। उन्हें शायद पता था कि अरविंद कुछ देर तक सैलून में रहेगा और शेविंग के दौरान उसके पास बचकर निकलने का मौका भी नहीं होगा। जिस तरह उसे कुर्सी पर बैठते ही निशाना बनाया गया, उससे यह भी आशंका है कि हत्या की पूरी योजना पहले से तैयार थी। चेहरा छिपाकर आए, क्या पहले से थी कैमरों की जानकारी? हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढंक रखे थे। एक ने रुमाल तो दूसरे ने कैप से चेहरा छिपाया था। इससे आशंका है कि उन्हें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी रही होगी। उन्होंने वारदात के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिससे उनकी पहचान आसानी से सामने न आए। पुलिस को घटनास्थल के अलावा आसपास के रास्तों और बाजारों के कैमरों की फुटेज मिलाकर देखनी होगी। अल्लापुर से मर्चरी तक परिजनों की चीख-पुकार, महिला हुई बेसुध अरविंद की हत्या के बाद अल्लापुर से लेकर एसआरएन अस्पताल और फिर पोस्टमार्टम हाउस (मर्चरी) तक कोहराम मचा रहा। परिजन फूट-फूटकर रोते रहे। मर्चरी पर परिवार की महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी सागर जैन और एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव परिजनों से घटना की जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान एक महिला घटना के बारे में बताते-बताते अचानक बेसुध होकर गिर पड़ी। यह देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। कुछ देर बाद महिला को होश आया तो अफसरों ने भी राहत की सांस ली। आज होगा पोस्टमार्टम, फोर्स तैनात अरविंद की हत्या बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुई थी। देर रात तक पंचनामा की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अब शुक्रवार सुबह पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद से अल्लापुर में तनाव और आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस और घटनास्थल के आसपास के इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। दोनों जगह सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)