शादी में युवक कार की छत से नोट उड़ाते दिखे:मेरठ के लोहिया नगर के किंग पैलेस का बताया जा रहा, 36 सेकंड का वीडियो देखिए
मेरठ में शादी समारोह के दौरान बैग से नोट निकालकर उड़ाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 36 सेकंड के इस वीडियो में कार की छत पर खड़े होकर चार लोग बैग से नोट निकालकर हवा में उड़ाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कार के नीचे और आसपास खड़े लोग नोट लूटते नजर आ रहे हैं। वीडियो मेरठ के लोहिया नगर स्थित किंग पैलेस का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी वीडियो के मेरठ का होने की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। कार की छत पर खड़े होकर उड़ाए नोट वायरल वीडियो में एक कार के ऊपर चार लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में बैग है, जिससे वे नोट निकालकर हवा में उड़ा रहे हैं। कार के नीचे और आसपास मौजूद लोग जमीन पर गिरते नोटों को उठाने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में 'पैसा-पैसा करती है, पैसे पर क्यों मरती है' गाना भी बज रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र स्थित किंग पैलेस में आयोजित शादी समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इसकी चर्चा हो रही है। एसपी सिटी बोले- जांच कराई जा रही एसपी सिटी ने बताया कि वायरल वीडियो के मेरठ का होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसी तरह का एक वीडियो राजस्थान के कोटा से भी वायरल हो रहा है। ऐसे में वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो को लोहिया नगर क्षेत्र में स्थित एक शादी मंडप का बताया गया था। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी, लेकिन जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। फिलहाल वीडियो की जांच जारी है। यदि वीडियो मेरठ का पाया जाता है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)