प्रयागराज में भरे बाजार हत्या पुलिस को खुली चुनौती:बेखौफ होकर आए, वारदात के बाद असलहा लहराते भागे शूटर

Nov 27, 2026 - 06:15
0
प्रयागराज में भरे बाजार हत्या पुलिस को खुली चुनौती:बेखौफ होकर आए, वारदात के बाद असलहा लहराते भागे शूटर
प्रयागराज में सरेशाम सैलून के अंदर घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या कर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। वारदात के लिए उन्होंने ऐसा वक्त चुना, जब बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच शूटर सैलून में घुसे और युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या करने के बाद आसानी से फरार भी हो गए। ना लोगों के जुटने का डर, ना पकड़े जाने की परवाह अल्लापुर में यूको बैंक के पास जिस जगह यह वारदात हुई, वहां शाम के वक्त काफी भीड़ रहती है। आसपास दुकानें हैं और सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद हमलावर बेखौफ होकर सैलून के अंदर पहुंचे। एक ने नाई के सिर पर तमंचा लगा दिया, जबकि बाकी दो ने अरविंद पर गोलियां चला दीं। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह हत्या को अंजाम देना हमलावरों के दुस्साहस को दिखाता है। उन्हें न तो लोगों के जुटने का डर था और न ही पकड़े जाने की परवाह। वारदात के बाद वे मौके से निकल भागे। 24*7 सर्विलांस सिस्टम पर भी सवाल इस हत्याकांड ने शहर की सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत प्रयागराज में करीब 1200 कैमरे लगाए गए हैं। इनमें हाईडेफिनेशन और 360 डिग्री तक घूमने वाले डोम कैमरे भी शामिल हैं। इनकी लाइव फीड पुलिस लाइन स्थित आईट्रिपलसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) में पहुंचती है, जहां से शहर की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी का दावा किया जाता है। ऐसे में सवाल है कि सरेशाम हत्या करने के बाद शूटर किस रास्ते से भागे? क्या उनकी आवाजाही किसी कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हुई? क्या घटनास्थल के आसपास के कैमरे सक्रिय थे? पुलिस को सिर्फ सैलून के आसपास ही नहीं, बल्कि हमलावरों के संभावित भागने वाले रास्तों की फुटेज भी खंगालनी होगी। इससे उनके आने-जाने का रूट और पहचान सामने आ सकती है। गवाही से रोकने के लिए मिल रही थी धमकी अरविंद पिछले साल 26 सितंबर को अल्लापुर में हुए साजन मेहतर हत्याकांड का गवाह था। इस मामले में वह पैरवी भी कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि गवाही देने से रोकने के लिए उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। सुलह करने का दबाव बनाया जा रहा था। परिवार ने इसकी शिकायत स्थानीय थाने और एसीपी कार्यालय में भी की थी। अब अरविंद की हत्या के बाद पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि साजन मेहतर हत्याकांड से जुड़े लोग मौजूदा समय में कहां हैं और उनकी क्या गतिविधियां हैं। वारदात के वक्त उनकी लोकेशन क्या थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है। डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया- परिवारवालों ने जिन लोगों पर भी शक जताया है, उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। साजन मेहतर हत्याकांड में जेल भेजे गए लोगों के बारे मे भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की 3 टीमें गठित की गई हैं जो हत्यारों की तलाश में जुटी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User