अलंकार अग्निहोत्री बोले दम है तो सरकार मुझे बर्खास्त करे:अलंकार अग्निहोत्री बोले सरकारी अभिलेख में भाजपा देश विरोधी दर्ज और डिप्टी सीएम बंधुआ मजदूर

Nov 27, 2026 - 06:15
0
अलंकार अग्निहोत्री बोले दम है तो सरकार मुझे बर्खास्त करे:अलंकार अग्निहोत्री बोले सरकारी अभिलेख में भाजपा देश विरोधी दर्ज और डिप्टी सीएम बंधुआ मजदूर
"यह देश का पहला सरकारी अभिलेख होगा जिसमें भाजपा को ऑन-रिकॉर्ड देश विरोधी, जातिवादी और बच्चों का भविष्य बर्बाद करने वाली पार्टी दर्ज किया गया है।" यह सनसनीखेज बयान पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने बरेली में दिया है। संविधान दिवस पर बरेली पहुंचे अग्निहोत्री ने सरकार को आज ही बर्खास्त करने की चुनौती दी। उन्होंने डिप्टी सीएम को 'एक कंपनी का बंधुआ मजदूर' बताते हुए कहा कि वे राजनीति में रहने लायक नहीं हैं और उनसे अच्छा तो किन्नर समाज है जो अपने हक के लिए खड़ा रहता है। अग्निहोत्री ने दावा किया कि ब्राह्मण व सामान्य वर्ग के दूर होने से भाजपा की 'पार्टी कंपनी' ध्वस्त हो चुकी है, साथ ही महिलाओं से सरकार के 20 की जगह 50 हजार रुपये लेकर भी कमल को वोट न देने की अपील की। अब पढ़िए अलंकार अग्निहोत्री का पूरा इंटरव्यू विस्तार से.... सवाल: आज आप बरेली पहुंचे हैं, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य क्या है और 'झंडा बदलो अभियान' की क्या रूपरेखा है? जवाब: आज 26 नवंबर है और पूरे देश में इसे संविधान दिवस के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आज हमारा विभिन्न जिलों में भ्रमण है और 'झंडा बदलो अभियान' चल रहा है। संविधान दिवस के इस पावन अवसर पर विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के झंडे का अनावरण हो रहा है। झंडा बदलने का यह अभियान आज से शुरू हो चुका है और चुनाव आते-आते एक क्रांति के रूप में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का झंडा पूरे प्रदेश में नजर आएगा। हम 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। सवाल: भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर आपका क्या आकलन है? जवाब: भारतीय जनता पार्टी का 'कमल का फूल सबकी भूल' बन चुका है। अब प्रदेश और देश की जनता इन्हें देखना नहीं चाहती। हालिया चुनावों को देखें तो ये दतिया में हारे, काशी की दो एमएलसी सीटें हारे, गोरखपुर में किसी तरह जोड़-तोड़ करके जीते, जबकि मेरठ, आगरा और झांसी समेत 6 सीटों पर चुनाव हार चुके हैं। अभी दो दिन पहले राजस्थान में हुए पंचायत चुनाव के नतीजों में भी सत्ताधारी दल का सूपड़ा साफ हो गया है। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में ये बहुत बुरी तरह हारने वाले हैं। अब यह स्लोगन चल रहा है कि "अरे राधे-राधे कमल मिटा दे, थोड़ा बहुत बचा है वो भी मिट्टी में मिला दे।" कमल अब कीचड़ में डूब चुका है। 2014 से अब तक के 12 वर्षों की केंद्र की सत्ता में इन्होंने जो गलत निर्णय लिए और पाप किए हैं, अब उनके प्रायश्चित का समय आ गया है। इन्हें 30-40 साल तक सत्ता से दूर रहकर अपने पाप धोने चाहिए, उसके बाद ही कभी कीचड़ में कमल खिलने की सोचें। सवाल: क्या आपको लगता है कि यूजीसी (UGC) रेगुलेशन 2026 का असर उत्तर प्रदेश समेत सभी पांच राज्यों के चुनावों में दिखाई देगा? जवाब: यूजीसी का असर बहुत गहरा है, इन्हें अभी गांव-देहात के अंदर की स्थिति का अंदाजा नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात विस्फोटक हो चुके हैं और भाजपा प्रतिनिधियों का चेहरा कोई देखना पसंद नहीं करता। यूजीसी रेगुलेशन 2026 देश के बच्चों को आपस में लड़ाने और उनका भविष्य बर्बाद करने के लिए लाया गया है। इनके मंसूबे अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुके हैं और जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। इसके अलावा, भाजपा अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तरह अंबेडकरवादी पार्टी बनने की कोशिश कर रही है ताकि बहुजन समाज का वोट शिफ्ट कराया जा सके, लेकिन यह एक नकली अंबेडकरवादी पार्टी है। मैं एससी-एसटी (SC-ST) और बहुजन समाज से कहना चाहता हूं कि आपकी असली अंबेडकरवादी विचारधारा की पार्टी कांशीराम और मायावती की बहुजन समाज पार्टी है, भाजपा आपकी पार्टी नहीं है। ये न तो अंबेडकर के हुए, न राम के और न ही कृष्ण के। विदेश जाते हैं तो गौतम बुद्ध की भूमि बताते हैं, देश में राम की भूमि कहते हैं। चुनाव आते ही इन्हें राम और कृष्ण याद आते हैं और चुनाव के बाद हिंदुओं में जनरल, ओबीसी, एससी और एसटी को आपस में लड़ाने की विचारधारा चलाते हैं। देश के लोगों को इस नकली अंबेडकरवादी पार्टी से दूर रहना चाहिए। सवाल: क्या इस बार के चुनाव में राम-रहीम या मंदिर-मस्जिद जैसे धार्मिक मुद्दे काम नहीं आएंगे? जवाब: जब केंद्र में बैठा सत्ताधारी दल और राज्य सरकार समाज को विभाजित करने वाली विचारधारा को पोषित करती है और जनता उस विचारधारा को समझ जाती है, तो तुरंत असली मुद्दों पर बात शुरू हो जाती है। पहले ये लोग मुद्दों से भटकाकर बात को हिंदू-मुस्लिम पर ले आते थे, लेकिन इस बार यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग और उत्तर प्रदेश में मेडिकल की सीटों में किए गए 91 प्रतिशत आरक्षण जैसे बुनियादी मुद्दों पर बात हो रही है। सामान्य वर्ग को जो भटकाया जाता था, उसके खिलाफ अब 10 महीने का वैचारिक आंदोलन खड़ा हो चुका है। इन्होंने महिलाओं के वोट की कीमत 20 हजार रुपये लगाई है। मैं प्रदेश और देश की सभी महिलाओं से कहता हूं कि ये आपके खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर करें तो रख लेना, बल्कि इनसे 20 नहीं 50 हजार रुपये ले लेना और कहना कि हमारे वोट की कीमत इतनी सस्ती नहीं है, कम से कम 10-20 करोड़ या 15 लाख के पुराने जुमले जितनी रकम तो दो। इन्होंने कहा है कि 20 हजार अभी देंगे और 30 हजार चुनाव जीतने के बाद देंगे, यानी चुनाव न जिताने पर ये आपकी इज्जत नहीं करेंगे। इसलिए महिलाएं पैसे रख लें, लेकिन वोट कमल के फूल को न दें। सवाल: आपने 26 जनवरी को इस्तीफा दिया था और अब आप पर लगाए गए आरोप भी सिद्ध हो गए हैं। इस स्थिति में आपका अगला कदम क्या होगा? जवाब: मैंने 26 जनवरी को ही इस्तीफा दे दिया था। या तो उसी दिन मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेते या आज स्वीकार कर लें, या फिर मुझे आज ही बर्खास्त कर दें। शासकीय सेवा में आरोप सिद्ध हो गए हैं और बर्खास्तगी तय है, तो मुझे तुरंत बर्खास्त करिए, हम कोर्ट से दो मिनट में राहत ले आएंगे। अब ये लोग हर तरीके से फंस गए हैं क्योंकि न तो इस्तीफा स्वीकार कर पा रहे हैं और न ही बर्खास्त कर रहे हैं। हम इन्हें कोर्ट में चुनौती देंगे। मेरे इस्तीफे के बाद आरोप पत्र में मैंने जो जवाब दिए हैं, वे कमिश्नर साहब के पत्र में शामिल हो चुके हैं और ऑन-रिकॉर्ड आ गए हैं। यह देश का पहला ऐसा सरकारी अभिलेख होगा जिसमें भाजपा को ऑन-रिकॉर्ड देश विरोधी, जातिवादी, बच्चों का भविष्य बर्बाद करने वाला यूजीसी रेगुलेशन 2026 लाने वाली, एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग को बढ़ावा देने वाली धारा 18A लाने वाली, बटुकों पर अत्याचार करने वाली और 'डिवाइड एंड रूल' करने वाली पार्टी के रूप में दर्ज किया गया है। यह भविष्य में हर जगह एक नजीर के रूप में पेश किया जाएगा और कोर्ट भी इन तथ्यों पर सवाल पूछेगी। जब मुझे 'पागल पंडित' कहा गया था, तब मैंने मांग की थी कि एसआईटी गठित करके जांच की जाए कि 26 जनवरी की शाम 7:30 से 7:45 बजे के बीच लखनऊ से किसका कॉल आया था, जिसने मुझे रात भर बैठाकर टॉर्चर करने को कहा था। वह तो भला हो कि फोन स्पीकर पर था और सारी बात मीडिया तक पहुंच गई। जब तत्कालीन डीएम बरेली को पता चला कि बंधक बनाने के आदेश की बात बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडेय के माध्यम से मीडिया में आ चुकी है, तब उन्होंने आनन-फानन में मुझे जाने दिया। सवाल: आपने अपने 'झंडा बदलो अभियान' और पार्टी के विस्तार के लिए 26 नवंबर (संविधान दिवस) की तारीख ही क्यों चुनी और अब तक कितने प्रत्याशी तय हो चुके हैं? जवाब: एक राजनीतिक पार्टी संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए ही आगे बढ़ती है, इसलिए हमने 26 नवंबर संविधान दिवस के दिन अपने 'झंडा बदलो अभियान' को आगे बढ़ाया है। आज पूरे प्रदेश में एक अलग ऊर्जा है। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा अब तक 40 प्रत्याशी घोषित कर चुका है और 50 से 60 प्रत्याशियों की अगली सूची तैयार है, जिसे हम 2 दिसंबर को जारी करेंगे। हम एक-एक उम्मीदवार का गहन अध्ययन कर रहे हैं। आज बरेली में संविधान दिवस के अवसर पर हमने दो प्रत्याशियों की घोषणा की है—122 फरीदपुर विधानसभा सीट से एससी-एसटी समाज के एडवोकेट प्रेम सिंह चौधरी और 120 भोजीपुरा सीट से हाजी साजिद खान चुनाव लड़ेंगे। पहले मैं सोच रहा था कि हम 150 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अकेले बरेली में ही हमें 6-7 सीटों पर बेहतरीन उम्मीदवार मिल चुके हैं। लोग खुद आगे आकर कह रहे हैं कि देश को तोड़ने वाली इस सरकार को हटाना है, ऐसे में हम सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। सवाल: आपने डिप्टी सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, इसके पीछे क्या प्रमुख वजह है? जवाब: डिप्टी सीएम राजनीति में रहने लायक नहीं हैं और वे ब्राह्मण समाज की राजनीति तो बिल्कुल भी नहीं करते। वे महज एक कंपनी के बंधुआ मजदूर की तरह प्रतिनिधि बने हुए हैं। मैंने उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि वे हमेशा यह दावा करते थे कि ब्राह्मण भाजपा को छोड़कर कहीं नहीं जाएगा। वे ब्राह्मण समाज के ठेकेदार नहीं हैं और न ही समाज की बात करने लायक हैं। उनसे अच्छा तो किन्नर समाज है, जो कम से कम अपने समाज के हक के लिए खड़ा तो रहता है। सवाल: 26 जनवरी को इस्तीफे के समय आपने देश में गृह युद्ध जैसे हालात होने की बात कही थी, और बाद में विश्वविद्यालयों व सड़कों पर युवाओं (Gen-Z) का विरोध भी दिखा। इसे आप किस तरह देखते हैं? जवाब: मेरे इस्तीफे के बाद जुलाई में जब यूजीसी रेगुलेशन 2026 आया, तो दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), प्रयागराज और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) समेत विभिन्न संस्थानों में भारी विवाद हुआ और युवा सड़कों पर उतरे। वह तो सुप्रीम कोर्ट की कृपा रही कि इस पर स्टे लग गया। कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है, लेकिन सरकार टालमटोल कर रही है क्योंकि वह चाहती है कि जिस दिन सामान्य वर्ग कमजोर पड़े, उसी दिन इसे लागू कर दिया जाए। हम ऐसा हरगिज नहीं होने देंगे। आज देश का व्यापारी, किसान, नौजवान, सामान्य वर्ग, ओबीसी और एससी-एसटी हर वर्ग इनसे नाखुश है। इन्होंने पीलीभीत जैसी सीटों पर भी बड़ी साजिश रची है। जहां ये 5 से 7 हजार वोटों के अंतर से जीते थे, वहां हार के डर से संगठित तरीके से अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची में बदले गए ताकि 19-20 हजार वोटों का फायदा लेकर सामान्य वर्ग के छिटकने की भरपाई की जा सके। यह एक संगठित अपराध है जो कई सीटों पर किया गया है। सवाल: बरेली के बहेड़ी में एक किसान ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति (VC) पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुनवाई न होने पर आत्महत्या कर ली, वहीं आरोपी कुलपति को गोरखपुर विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी दे दी गई। प्रदेश में किसानों और भ्रष्टाचार की इस स्थिति पर आप क्या कहेंगे? जवाब: उत्तर प्रदेश में आज किसान होने का मतलब यह हो गया है कि मानो आपने कोई बड़ा पाप कर लिया हो। बाजार में चीनी 40 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो हो गई, लेकिन किसान को गन्ने का भाव 400 रुपये क्विंटल से बढ़ाकर 600 रुपये नहीं दिया गया। यह सरकार चीनी मिलों से चंदा लेती है और उन्हें संरक्षण देती है। अगर मिलों पर किसानों का 50 करोड़ रुपये बकाया है, तो वे सत्ताधारियों को 5-10 करोड़ की रिश्वत देकर बच निकलती हैं। यही सरकार किसान बिल लेकर आई थी, जिस पर बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश से माफी मांगनी पड़ी। इस सरकार के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को सिर्फ अपने खजाने में पैसा आने से मतलब है। जिस पूर्व कुलपति की आप बात कर रहे हैं, उस रसूखदार ने पैसा पहुंचाया होगा और दिल्ली से डीएम-कप्तान को कार्रवाई न करने का फोन आ गया होगा, जिससे मजबूर होकर किसान को आत्महत्या करनी पड़ी। इस सरकार में भ्रष्टाचार से पैसा कमाने वालों को पुरस्कृत किया जाता है। लखनऊ की गलियों में चले जाइए, आपको पता चल जाएगा कि कुलपति (VC) बनने का क्या रेट चल रहा है। पहले योग्यता के आधार पर पद मिलते थे, आज जिसका सूटकेस जितना भारी होता है, उसे उतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है। इनकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति की हकीकत यह है कि 4400 करोड़ रुपये की लागत से बने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (57 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर) में 80 किलोमीटर के भीतर 80 बड़े गड्ढे हो गए हैं और आईआईटी कानपुर ने इसे चलने के लिए असुरक्षित बताया है। देहरादून और मुंबई एक्सप्रेसवे का भी यही हाल है। बरेली में 5 करोड़ की पानी की टंकी आंधी में उड़ जाती है और पानी भरते ही फट जाती है। जल जीवन मिशन में 30 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। ये लोग इसलिए बौखलाए हुए हैं क्योंकि 2029 में जैसे ही ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और न्यायपालिका इनके चंगुल से बाहर निकलेगी, इनके सारे काले कारनामे उजागर हो जाएंगे। सवाल: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपना घोषणा पत्र जारी कर 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है। क्या आपको लगता है कि इससे सपा मजबूत हो रही है और आपके मोर्चे का घोषणा पत्र कब तक आएगा? जवाब: अपना घोषणा पत्र जारी करना हर राजनीतिक दल का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। मैं तो कहता हूं कि सभी पार्टियां समाज के हर वर्ग को साथ लेकर अधिक से अधिक जनसुविधाएं देने की बात करें। बस सभी दलों को भारतीय जनता पार्टी से यह सीख लेनी चाहिए कि समाज में जातिगत विभेद कैसे नहीं पैदा करना है, और किसी महिला की आबरू की कीमत जाति के आधार पर नहीं लगानी है। अखिलेश यादव या अन्य दल जो भी घोषणा पत्र ला रहे हैं, वह ठीक है। जहां तक हमारे राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के घोषणा पत्र की बात है, तो हम इसे 15 दिसंबर के बाद जारी करेंगे। हम मुख्य मुद्दों पर काम कर चुके हैं और अगले एक महीने में सामने आने वाले तात्कालिक मुद्दों को भी संकलित करके इसमें शामिल करेंगे। सवाल: नौकरी से इस्तीफा दिए हुए आपको 10 महीने बीत चुके हैं। इतनी कठिन मेहनत से हासिल किए गए उच्च प्रशासनिक पद को छोड़ने के बाद क्या कभी परिवार में या मन में यह विचार आया कि शायद यह फैसला गलत था? जवाब: जब आपकी अंतरात्मा साफ होती है और आप सही निर्णय लेते हैं, तो न तो आपको कभी गलती का एहसास होता है और न ही समाज होने देता है। आप बरेली में रहे हैं और मैं भी यहां अधिकारी रहा हूं, आज पूरे प्रदेश के 75 जिलों में लोगों का जो अथाह प्रेम और सम्मान मिल रहा है, वह अद्भुत है। हर जिले में डेढ़ से दो हजार पदाधिकारियों और आम नागरिकों से मैं व्यक्तिगत रूप से मिला हूं। यह ईश्वर का आशीर्वाद है और मैं समाज के लिए इस मैदान में कूदा हूं। हमारी आयु सीमित है, लेकिन इस एक फैसले से समाज का बड़ा भला हुआ है। हमने यूजीसी रेगुलेशन को रोलबैक कराने की लड़ाई लड़ी और आज उस पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे है। हम इसे किसी भी कीमत पर देश में लागू नहीं होने देंगे। मैंने घर बैठकर बयानबाजी नहीं की, बल्कि एक इस्तीफे से पूरे देश को जागृत किया, संगठन खड़ा किया और राजनीतिक पार्टी बनाकर इन्हें चुनौती दी है। आज ब्राह्मण और सामान्य वर्ग इनसे दूर हो चुका है और इनकी 'पार्टी कंपनी' ध्वस्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में हम इन्हें बताएंगे कि असली राजनीति क्या होती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User