BJP प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने पाठशाला लगाई:कानपुर-बुंदेलखंड के पदाधिकारी डायरी लेकर पहुंचे, बूथ मजबूत करने का मंत्र दिया

Nov 27, 2026 - 00:49
0
BJP प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने पाठशाला लगाई:कानपुर-बुंदेलखंड के पदाधिकारी डायरी लेकर पहुंचे, बूथ मजबूत करने का मंत्र दिया
भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार देर शाम कानपुर पहुंचे प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की बैठक लेकर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, नए मतदाताओं को जोड़ने और घर-घर संपर्क अभियान तेज करने का मंत्र दिया। अपने 2 दिवसीय प्रवास पर कानपुर पहुंचे धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बूथ पर लड़ा जाएगा और बूथ की मजबूती ही जीत का आधार बनेगी। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के हर बूथ पर प्रवास करे। मतदाता जोड़ो अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए घर-घर संपर्क और प्रभावी जनसंपर्क पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। संविधान की गरिमा नहीं समझते इंडी गठबंधन के नेता बैठक को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान को हाथ और जेब में लेकर घूमने वाले नेता उसकी वास्तविक गरिमा और मूल भावना को नहीं समझ सकते। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम लेकर राजनीतिक स्वार्थ साधने वालों ने उनके जीवनकाल में ही उनका अपमान किया। कांग्रेस का इतिहास बाबा साहेब के प्रति उपेक्षा और अपमान से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को समझाया है कि संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश का गौरव, लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का आधार है। नोटबुक में लिखे संगठन महामंत्री के निर्देश बैठक में धर्मपाल सिंह ने नए मतदाता बनाने के लिए शुरू किए गए अभियान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही 2027 के चुनाव को देखते हुए बूथवार संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और आपसी संवाद मजबूत रखने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने उनके निर्देशों को अपनी नोटबुक में दर्ज किया। झारखंड के प्रदेश महामंत्री संगठन पवन कुमार साय ने भी संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के दूसरे जिलों के पदाधिकारियों को भी बैठक के लिए बुलाया गया है। समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत की तैयारी धर्मपाल सिंह ने संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के कानपुर क्षेत्र में प्रवेश पर भव्य स्वागत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटें। बैठक से पहले धर्मपाल सिंह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की। इस दौरान प्रदेश मंत्री अनिल यादव, किरण निषाद, क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह, आदित्य त्रिवेदी, राजेश पटेल, शिव सिंह भारती, नीतू सिंह, अमित समाधिया, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, रीता कठेरिया, हर्ष द्विवेदी, अनस उस्मानी, डॉ. संजय सिंह सहित क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User