सिद्धार्थनगर में संविधान दिवस पर भाजपा की कार्यशाला:सांसद जगदंबिका पाल बोले- विद्यार्थियों को बताएंगे अधिकार और कर्तव्य
सिद्धार्थनगर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को भाजपा की ओर से सिद्धार्थनगर में कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों, कानून के छात्रों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों को संविधान के मूल सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। सांसद जगदंबिका पाल ने मंगलवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में होगा आयोजन सांसद ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर देशभर में संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिद्धार्थनगर के सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में सुबह 11 बजे कार्यशाला होगी। इसमें सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति, प्रोफेसर, लॉ ग्रेजुएट्स और विद्यार्थी शामिल होंगे। बिहार महिला मोर्चा की अध्यक्ष गुंजा भी मौजूद रहेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक तिवारी समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित है संविधान जगदंबिका पाल ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की नींव है। यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व यानी जस्टिस, फ्रीडम, इक्वलिटी और फ्रेटरनिटी के चार मूल सिद्धांतों पर आधारित है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान का निर्माण हुआ। उन्होंने बताया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। इसके साथ ही भारत संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी। इसका उद्देश्य संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करना और नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना है। भारत की आर्थिक प्रगति का भी किया जिक्र सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताया। उन्होंने कहा कि देश 7.5 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहा है। एशिया में भारत की स्थिति मजबूत हुई है और वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री की पहचान प्रभावशाली नेता के रूप में बनी है। राहुल गांधी और समाजवादी विचारधारा पर साधा निशाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी धरती पर भारत और उसके संविधान की आलोचना करते हैं और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को समानता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का अधिकार देता है। ऐसे में इसकी मूल भावना और महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने का उद्देश्य सांसद ने कहा कि संविधान दिवस का आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाना है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों की भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने जिले के लोगों से 26 नवंबर को सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। इस दौरान संविधान निर्माताओं को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए संविधान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)