समरसता संकल्प यात्रा 24 नवंबर को सहारनपुर पहुंचेगी:स्वागत के बाद सभा होगी; भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे

Nov 22, 2026 - 17:55
0
समरसता संकल्प यात्रा 24 नवंबर को सहारनपुर पहुंचेगी:स्वागत के बाद सभा होगी; भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की समरसता संकल्प यात्रा 24 नवंबर को सहारनपुर पहुंचेगी। गागलहेड़ी में स्वागत के बाद यात्रा शहर के प्रमुख रास्तों से होते हुए सभा स्थल पहुंचेगी। भाजपा ने स्वागत और सभा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को दोपहर 2 बजे पार्श्वनाथ सिटी स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसमें महानगर प्रभारी डॉ. अजय कुमार शर्मा,महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई,जिलाध्यक्ष अजीत राणा और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह मौजूद रहे। भाजपा मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि यात्रा 18 नवंबर को पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई। यह पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के 46 शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा 4-5 दिसंबर को वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जी के जन्मस्थल पर समाप्त होगी। 24 नवंबर को यात्रा भगवानपुर से सहारनपुर में दाखिल होगी। गागलहेड़ी में स्वागत के बाद यह देहरादून रोड, अंबेडकर चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, हकीकत नगर, कलेक्ट्रेट चौक और हसनपुर चौक से होते हुए सभा स्थल पहुंचेगी। कॉस्मो सिटी के सामने मैदान में दोपहर करीब 2 बजे सभा होगी। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी शामिल होंगे। सभा में 20 से 25 हजार लोगों के जुड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा के दौरान सफाई अभियान चलाया जाएगा और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि दी जाएगी। संतों के साथ संवाद, 100-150 प्रबुद्ध लोगों के साथ समरसता संकल्प जलपान और सहभोज भी होगा। नेताओं ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जातिगत भेदभाव मिटाकर समाज में एकता स्थापित करना है। भाजपा नेताओं ने बताया कि सरसावा में संत रविदास मंदिर के लिए करीब 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जिले के सात मंदिरों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पास हो चुके हैं। एक बड़े मंदिर में संत रविदास जी की मूर्ति लगाने की योजना है। वाल्मीकि चौक बनाने की फाइल शासन से गृह विभाग भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद चौक बनाया जाएगा। नगर निगम ने कूड़ाघरों की संख्या 100 से घटाकर 18 करने का दावा किया। नेताओं ने महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और होर्डिंग्स में गरिमा बनाए रखने की अपील भी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User