SN में मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रहीं दवाएं:पर्चे पर निशान लगाकर बाहर से खरीदने को कहा जा रहा, प्राचार्य बोले- सभी दवा हैं मौजूद

Nov 21, 2026 - 16:29
0
SN में मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रहीं दवाएं:पर्चे पर निशान लगाकर बाहर से खरीदने को कहा जा रहा, प्राचार्य बोले- सभी दवा हैं मौजूद
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों को दवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल के रजिस्ट्रेशन ब्लॉक स्थित दवा वितरण काउंटर पर ज्यादातर मरीजों को पूरी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। मरीजों को कुछ दवाएं अस्पताल से दी जा रही हैं, जबकि बाकी बाहर से खरीदने के लिए कहा जा रहा है। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर के पर्चे पर बाहर से मिलने वाली दवाओं के आगे निशान लगाकर उन्हें मेडिकल स्टोर से खरीदने के लिए भेज दिया जाता है। इससे मरीजों पर इलाज के खर्च का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। दवा लेने पहुंचे मरीज दयाल ने बताया कि उन्हें स्किन इंफेक्शन की परेशानी है। डॉक्टर ने जो दवाएं लिखी थीं, उनमें से कुछ ही अस्पताल के काउंटर से मिलीं। बाकी दवाएं बाहर से खरीदने के लिए कहा गया। वहीं, बीपी की समस्या से परेशान राजकुमारी ने बताया कि वह दवा लेने आई थीं, लेकिन उन्हें पूरी दवा नहीं मिली। काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने कुछ दवाएं बाहर से लेने के लिए कहा। दिल की बीमारी से पीड़ित सलीम ने बताया कि उन्हें कुछ दवाएं अस्पताल से मिल गईं, लेकिन बीपी की दवा बाहर से खरीदने के लिए कहा गया। वहीं, गठिया से परेशान जितेंद्र ने बताया कि उन्हें कुछ दवाएं तो मिल गईं, लेकिन दर्द और सूजन की दवा बाहर से खरीदनी पड़ रही है। मरीजों का कहना है कि पर्चे पर बाहर से मिलने वाली दवाओं के आगे निशान लगा दिया जाता है और उन्हें बाहर से खरीदने के लिए कह दिया जाता है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में बीपी की सभी निर्धारित दवाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में तय सूची के अनुसार दवाओं का स्टॉक रखा जाता है। डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि जो दवाएं अस्पताल की निर्धारित सूची में शामिल नहीं हैं, उनकी जानकारी मरीजों को देकर बाहर से लिख सकते हैं। ऐसी दवाएं कॉलेज के पास स्थित सरकारी औषधालय से भी ली जा सकती हैं, जहां दवाओं पर 60 प्रतिशत तक की छूट मिलती है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराना संभव नहीं है। जो दवाएं निर्धारित सूची में शामिल हैं, वही अस्पताल में उपलब्ध हैं। वहीं, जानकारी के अनुसार कुछ दवाएं डॉक्टरों की ओर से ऐसी भी लिखी जा रही हैं, जो अस्पताल के स्टॉक में शामिल नहीं हैं। इसके अलावा बीपी की कुछ दवाओं का स्टॉक फिलहाल कम चल रहा है। इनकी डिमांड भेज दी गई है। जल्द ही दवाओं की आपूर्ति होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User