संभल में 80 साल की महिला घर में बेहोश मिलीं:परिजनों ने गला घोंटने और एक किलो चांदी के जेवर चोरी का आरोप लगाया
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव में 80 वर्षीय प्रेमवती घर में बेहोश मिलीं। परिजनों ने उनके साथ गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई है। साथ ही घर से करीब एक किलो चांदी के जेवर गायब होने की शिकायत की है। प्रेमवती को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह 11 बजे तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि प्रेमवती का इलाज चल रहा है। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर जांच की है। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है। शादी में चढ़ाए जेवर वापस लेने पर हुआ था विवाद इंस्पेक्टर के मुताबिक, कुछ दिन पहले प्रेमवती के पोते रोहित की शादी हुई थी। शादी में प्रेमवती ने चांदी के जेवर चढ़ाए थे। बाद में पारिवारिक विवाद हुआ तो उन्होंने अपने जेवर वापस ले लिए थे। पौत्रवधू ममता ने बताया कि घटना से एक दिन पहले दादी सास ने करीब एक किलो चांदी के जेवर उतार लिए थे। घटना के समय घर पर नहीं थीं पौत्रवधू ममता के मुताबिक, घटना के समय वह अपनी ननद के घर गई थीं। उन्होंने बताया कि उनकी शादी तीन-चार महीने पहले हुई थी। ममता ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले घर में चोरी हुई थी, जिसमें सोने के जेवर गायब हो गए थे। बेटी ने बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया प्रेमवती की बेटी ओमवती ने बताया कि मां को घर में बेहोश पड़ा देखकर वह बाइक से पहुंचीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि मां के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। उनके होश में आने के बाद ही घटना के बारे में पता चल सकेगा। बहू ने गले पर निशान होने की बात कही प्रेमवती की पुत्रवधू मोहरवती ने बताया कि उनकी सास घर में अकेली रहती हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग पहुंचे। उन्होंने गले पर निशान होने की बात कही, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके साथ क्या हुआ। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)