लखनऊ के विकास पर एलडीए खर्च करेगा 1932 करोड़:एलडीए की 188वीं बोर्ड बैठक आज, एआई सिटी समेत कई बड़े प्रस्ताव रखे जाएंगे
राजधानी के विकास और विस्तार को नई दिशा देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) सोमवार को बोर्ड बैठक करेगा। प्राधिकरण सभागार में होने वाली इस बैठक में करीब 1932 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के रोडमैप समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसमें आवासीय योजनाओं के विस्तार, उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराने, पार्कों के रखरखाव और किसानों से जमीन खरीदने के बजट में बढ़ोतरी जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। बैठक में इन प्रस्तावों पर बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद शहर में विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। उद्योगों और संस्थाओं को 40 फीसदी सस्ती मिलेगी जमीन बैठक में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बल्क सेल नीति लागू करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके तहत वरुण विहार, वशिष्ठपुरम, नैमिष नगर, आईटी सिटी और वेलनेस सिटी में कंपनियों और संस्थाओं को आवासीय दरों के मुकाबले करीब 40 फीसदी कम कीमत पर जमीन उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा वरुण विहार के पास एमएसएमई इकाइयों को कौशल विकास गतिविधियों के लिए 50 एकड़ जमीन और अनंतनगर में एआई सिटी विकसित करने के लिए 60 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव भी शामिल है। जमीन खरीदने का बजट 5000 करोड़ करने की तैयारी एलडीए ने भूमि खरीद के लिए निर्धारित बजट को 1750 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3500 करोड़ रुपये कर दिया है। अब इसे बढ़ाकर 5000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा। इस धनराशि का इस्तेमाल नैमिष नगर, वरुण विहार, वशिष्ठ नगर और सुल्तानपुर रोड योजना के लिए जमीन जुटाने में किया जाएगा। इससे प्राधिकरण की आगामी आवासीय योजनाओं के विस्तार का रास्ता तैयार होगा। पार्कों और गोमतीनगर विस्तार के बजट में बढ़ोतरी विकास कार्यों और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में रखे जाएंगे। गोमतीनगर विस्तार फेज-1 के लिए बजट पांच करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव है। वहीं, जनेश्वर मिश्र पार्क के रखरखाव के लिए पांच करोड़ रुपये निर्धारित करने की तैयारी है। कानपुर रोड स्थित पार्कों के लिए बजट नौ करोड़ से बढ़ाकर 11 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा अपार्टमेंटों को आरडब्ल्यूए को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान करने पर विचार होगा। आईटी सिटी में किसानों की रजिस्ट्री होगी शुरू आईटी सिटी परियोजना से जुड़े किसानों की रजिस्ट्री शुरू करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री सौमित्र विहार योजना की लॉन्चिंग के साथ किसानों को कब्जा पत्र देने की तैयारी है। नेहरू एंक्लेव के पास खाली पड़ी जमीन पर वॉर म्यूजियम बनाने, नैमिषनगर फेज-2 के लेआउट को मंजूरी देने और बसंतकुंज में मंडी समिति को 20 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। दो भूखंड खरीदने की छूट का प्रस्ताव हटाया एलडीए की बोर्ड बैठक के एजेंडे में पहले एक व्यक्ति को प्राधिकरण की योजनाओं में दो भूखंड खरीदने की अनुमति देने का प्रस्ताव शामिल किया गया था। इसके लिए आवंटन नियमों में बदलाव कर बोर्ड से मंजूरी लेने की तैयारी थी। हालांकि, बोर्ड सदस्यों की आपत्ति के बाद अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को एजेंडे से हटा दिया है। ऐसे में फिलहाल एक व्यक्ति को दो भूखंड खरीदने की छूट देने पर बोर्ड बैठक में निर्णय नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)