पेंशनर्स के ऑफलाइन मेडिकल बिलों का भुगतान बंद:सोनभद्र में एक अक्तूबर से लागू व्यवस्था के खिलाफ धरना; पेंशनर्स एसो ने जताया विरोध

Nov 02, 2026 - 13:38
0
पेंशनर्स के ऑफलाइन मेडिकल बिलों का भुगतान बंद:सोनभद्र में एक अक्तूबर से लागू व्यवस्था के खिलाफ धरना; पेंशनर्स एसो ने जताया विरोध
सोनभद्र में सेवारत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों का ऑफलाइन भुगतान बंद होने से पेंशनरों को इलाज कराने में परेशानी हो रही है। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा ने सोमवार की दोपहर में जिला मुख्यालय पर धरना दिया और जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि 28 सितंबर 2026 को अपर मुख्य सचिव, वित्त विभाग की अध्यक्षता में पेंशनर्स सलाहकार समिति की बैठक हुई थी। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के नौ सितंबर को जारी शासनादेश के बाद आई समस्याएं उठाई गई थीं। एसोसिएशन ने 26 सितंबर को भी समिति से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल पहले की तरह ऑफलाइन जमा करने की सुविधा जारी रखने की मांग की थी। पदाधिकारियों का कहना है कि पेंशनरों के पास कंप्यूटर की सुविधा नहीं है और नई ऑनलाइन व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं है। कार्यरत कर्मचारियों के लिए ई-एचआरएमएस कोड उपलब्ध है, लेकिन पेंशनरों का कोड पोर्टल पर दर्ज नहीं है। वर्ष 2016 से ऑनलाइन पीपीओ जारी करने की व्यवस्था शुरू हुई थी। इससे पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का डाटा ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद चिकित्सा विभाग ने एक अक्तूबर से ऑफलाइन बिल लेना बंद कर दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि कई पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान रुक गया है और उनके इलाज पर असर पड़ा है। एसोसिएशन ने ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन बिल जमा करने का विकल्प देने की मांग की है। उसने कहा कि पेंशनरों के ऑनलाइन व्यवस्था से जुड़ने के साथ ऑफलाइन सुविधा धीरे-धीरे बंद की जाए। एसोसिएशन ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें हजारों पेंशनर शामिल होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User