सुल्तानपुर में लापरवाही पर वन विभाग का बड़ा एक्शन:दूसरे गाटे में चल रही थी विनियर मशीन; उप क्षेत्रीय वनाधिकारी और वन रक्षक सस्पेंड
सुल्तानपुर जिले के कूरेभार क्षेत्र में लाइसेंस की शर्तों के विपरीत दूसरी जगह पर विनियर मशीन संचालित होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में मंगलवार दोपहर 2 बजे उप क्षेत्रीय वनाधिकारी और वन रक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों कर्मचारियों पर उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के नियम-3 के उल्लंघन का आरोप है। कूरेभार की जगह लोकेपुर में चल रही थी मशीन ग्राम कूरेभार के गाटा संख्या 56मि0 में विनियर मशीन लगाने का लाइसेंस ग्राम लोकेपुर निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह (बेटा योगेंद्र प्रताप सिंह) के नाम जारी हुआ था, जो 31 दिसंबर 2027 तक रिन्यू है। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर मशीन निर्धारित जगह के बजाय ग्राम लोकेपुर के गाटा संख्या 03 में चलाई जा रही थी। इस मामले की जांच उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) सुल्तानपुर ने की थी, जिसमें अनियमितता की पुष्टि हुई। जवाब न देने पर वन रक्षक पर गिरी गाज जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभागीय निदेशक की संस्तुति पर वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक (सामाजिक वानिकी, सरयू वृत्त, अयोध्या) समीर कुमार ने सुल्तानपुर रेंज के कूरेभार सेक्शन में तैनात उप क्षेत्रीय वनाधिकारी बृजेश कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंशन अवधि में उन्हें DFO अयोध्या के कार्यालय से अटैच किया गया है। वहीं, कूरेभार बीट में तैनात वन रक्षक सौरभ यादव को प्रभागीय निदेशक (सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, सुल्तानपुर) अमित सिंह के आदेश पर सस्पेंड किया गया है। सौरभ से 12 और 17 नवंबर को स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन 20 नवंबर तक जवाब न मिलने पर यह कार्रवाई की गई। उन्हें प्रधान कार्यालय से अटैच किया गया है। विभागीय जांच के आदेश, देना होगा प्रमाण-पत्र निलंबन आदेशों के अनुसार, सस्पेंशन के दौरान दोनों कर्मचारियों को वित्तीय नियम संग्रह के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, बशर्ते वे यह प्रमाण-पत्र दें कि वे किसी अन्य नौकरी, व्यापार या व्यवसाय से नहीं जुड़े हैं। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को दोनों के खिलाफ चार्जशीट और उपस्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आगे की विभागीय और अनुशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)