झांसी में महिला ने सुसाइड किया:4 साल से पति और बेटे से अलग रह रही थी
झांसी के थाना बड़ागांव कस्बे की नई बस्ती पंचमपुरा में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में अकेली रह रही एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला ने कमरे के अंदर छत में लगे कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद रोशनदान से झांककर देखा तो महिला का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची बड़ागांव थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पति और 10 वर्षीय बेटे से अलग रह रही थी मृतका की पहचान वंदना अहिरवार (32) पुत्री हरचरण अहिरवार निवासी ग्राम लुहारी, थाना समथर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वंदना की शादी वर्ष 2014 में बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम टाकोरी निवासी आकाश के साथ हुई थी। उसका 10 वर्षीय बेटा रोशन है, जो अपने पिता के साथ गांव में रहता है। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वंदना पिछले करीब चार साल से पति और बेटे से अलग रह रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वंदना पंचमपुरा में किराए के कमरे में अकेली रहती थी और रोज सुबह काम पर जाती थी। शाम को वापस लौट आती थी। पड़ोसियों से उसका ज्यादा मेलजोल नहीं था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का गेट नहीं खुला तो आसपास के लोगों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर रोशनदान से अंदर देखा गया, जहां उसका शव फंदे पर लटका मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)