सुपर टेट परीक्षा रद्द होने की फर्जी सूचना पर FIR:आयोग के लेटरहेड का गलत इस्तेमाल, उप सचिव के जाली हस्ताक्षर से फैलाई अफवाह

Nov 21, 2026 - 22:39
0
सुपर टेट परीक्षा रद्द होने की फर्जी सूचना पर FIR:आयोग के लेटरहेड का गलत इस्तेमाल, उप सचिव के जाली हस्ताक्षर से फैलाई अफवाह
प्रयागराज में सुपर टेट परीक्षा रद्द होने की फर्जी सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के नाम और आधिकारिक लेटरहेड का दुरुपयोग कर यह फर्जी सूचना जारी की गई थी। इसमें आयोग का लोगो, फर्जी पत्रांक संख्या और उप सचिव संजय कुमार सिंह के जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया।आयोग की ओर से कर्नलगंज थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर आयोग के नाम से एक सूचना वायरल हो रही थी। इसमें कहा गया था कि उत्तर प्रदेश में अध्यापक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सुपर टेट परीक्षा तीन और चार दिसंबर को प्रस्तावित थी, जिसे अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों को बताया गया था कि परीक्षा की नई तारीख के संबंध में अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी। विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराने की बात भी लिखी गई थी। इस सूचना को इस तरह तैयार किया गया था कि पहली नजर में यह आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश लगे। इसमें आयोग का नाम, लोगो, पत्रांक संख्या और उप सचिव के हस्ताक्षर तक का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, यह पूरी तरह फर्जी था। उप सचिव के जाली हस्ताक्षर का भी किया इस्तेमाल आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, प्रतीक चिह्न और नाम का दुरुपयोग किया है। फर्जी सूचना को आयोग की ओर से जारी दिखाने के लिए उनके जाली हस्ताक्षर भी बनाए गए। उन्होंने इसे आयोग की छवि खराब करने और अभ्यर्थियों के बीच भ्रम फैलाने वाला कृत्य बताते हुए संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। कर्नलगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अध्यक्ष ने कहा था- परीक्षा तय तारीख पर ही होगी फर्जी सूचना वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने इसे पूरी तरह असत्य, भ्रामक और फर्जी बताया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों के लिए लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। परीक्षा तीन और चार दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करने की अपील की थी। 15 सितंबर को जारी हुआ था भर्ती का विज्ञापन आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों पर भर्ती के लिए 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा तीन और चार दिसंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना सामने आने से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती थी। आयोग ने समय रहते इसका खंडन किया और अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User