सूर्य को अर्घ देकर मांगी सुख-समृद्धि की कामना:नोएडा में छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी

Nov 15, 2026 - 17:52
0
सूर्य को अर्घ देकर मांगी सुख-समृद्धि की कामना:नोएडा में छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
नोएडा में रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धा और उल्लास के साथ व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ दिया। शहर के करीब 21 घाटों पर लाखों श्रद्धालु जुटे। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। खरना की पूजा के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत कर रहीं महिलाएं परिवार के साथ दोपहर से ही घाटों पर पहुंचने लगी थीं। शाम को सूर्यास्त से पहले व्रती पानी में उतरीं और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल व पूजन सामग्री रखकर सूर्य देव की आराधना की। नोएडा स्टेडियम समेत शहर की अलग-अलग कॉलोनियों और सोसाइटियों में छठ पूजा के विशेष इंतजाम किए गए थे। व्रती महिलाओं ने सूर्य देव को अर्घ देकर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। सूर्यास्त तक पानी में खड़े होकर की पूजा व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की। सूर्यास्त तक हाथों में सूप लेकर अर्घ दिया। सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाई गई थी। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। इस दौरान महिलाओं ने 'कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' और 'दर्शन दीन्हीं ना अपन ये छठी मइया' जैसे पारंपरिक गीत गाए। नोएडा स्टेडियम में पूजा के दौरान जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। कई इलाकों में प्रशासन ने तैयार कराए घाट छठ पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और प्राधिकरण ने शहर के अलग-अलग इलाकों में घाट तैयार कराए थे। छिजारसी, चोटपुर कॉलोनी, बहलोलपुर, सलारपुर, भंगेल और कुलेसरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा सेक्टर-25 में मोदी मॉल के पास, सेक्टर-45 की कांशीराम कॉलोनी, सेक्टर-62 और सेक्टर-63ए में भी पूजा के इंतजाम किए गए थे। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और पूजन सामग्री से जुड़ी व्यवस्थाएं की गई थीं। सोसाइटियों के स्विमिंग पूल में भी दिया अर्घ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसाइटियों में भी छठ पर्व की रौनक रही। यहां कृत्रिम घाट बनाए गए थे। कुछ सोसाइटियों में स्विमिंग पूल में ही अर्घ देने की व्यवस्था की गई थी। शाम होते ही सोसाइटियों में छठी मइया के गीत गूंजने लगे। परिवार के सभी सदस्य पूजा में शामिल हुए। बच्चों में भी पर्व को लेकर उत्साह दिखा। कई जगह बच्चों ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। मन्नत पूरी होने पर सूर्य देव का जताते हैं आभार नोएडा स्टेडियम में पूजा करने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि छठ सूर्य उपासना का महापर्व है। भोजपुरी समाज के लोग पूरे साल इस पर्व का इंतजार करते हैं। यह केवल पूजा नहीं, बल्कि आस्था और मन्नतों से भी जुड़ा है। कई परिवार संतान, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखते हैं। मन्नत पूरी होने पर विधि-विधान से सूर्य देव और छठी मइया की पूजा कर उनका आभार जताते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User