विनोद की हत्या के बाद अंतिम-संस्कार से परिजनों का इनकार:बलिया में आरोपियों के एनकाउंटर की मांग, विधायक ने समझाया
बलिया के सहतवार कस्बे में विनोद राजभर (50) की हत्या के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी, एनकाउंटर और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मंगलवार शाम करीब 6 बजे शव सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण सड़क पर जमा हो गए। इससे मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने समझाकर शव को घर पहुंचाया। विधायक ने रात 11 बजे तक परिजनों को समझाया शव घर पहुंचते ही परिजन रोने लगे। सूचना पर एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा और सीओ बांसडीह जयशंकर दुबे मौके पर पहुंचे। बांसडीह विधायक केतकी सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान और समाजसेवी अजय सिंह ने भी परिजनों और नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। विधायक केतकी सिंह ने रात करीब 11 बजे तक परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा, "योगी जी की सरकार है। जो भी गलत करेगा, उसका पूरा हिसाब होगा।" उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जब तक परिवार इस दुख से उबर नहीं जाता, तब तक वे उसकी देखभाल के लिए मौजूद रहेंगी। विधायक ने कहा कि घटना दर्दनाक है और परिवार को संभलने में समय लगेगा, लेकिन उन्हें न्याय मिलेगा। इसके बाद परिजनों ने सुबह शव का अंतिम संस्कार करने की बात कही। भाई ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग मृतक के भाई मनोज ने कहा कि उनके भाई की चाकू और फरसे से हमला कर हत्या की गई है। उनकी मांग है कि सभी आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए। परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी रखी। घर के आंगन में बैठे थे विनोद और पड़ोसी घटना सोमवार दोपहर करीब 1 बजे सहतवार थाना क्षेत्र के सहतवार कस्बे की है। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विनोद राजभर और उनके पड़ोसी सुदर्शन राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विनोद की पत्नी संजू देवी ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि घटना के समय विनोद और सुदर्शन घर के आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान चार नामजद और कुछ अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और दोनों पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे। आरोप है कि हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। विनोद की हालत गंभीर होने पर उन्हें मऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूसरे घायल की हालत भी गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। परिवार का एकमात्र कमाने वाला था विनोद विनोद पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके तीन बेटे विकास, चैंपियन और विशाल तथा पांच बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे बड़े बेटे विकास की उम्र 18 साल है। विनोद परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में स्थित पकौड़ी की दुकान पर मजदूरी करते थे। इसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)