महाराष्ट्र के ठगों ने शहर सर्राफा में की थी वारदात:गिरोह की चार टीमें वारदात के लिए उतरी थीं, पुलिस को मिले अहम सुराग

Nov 11, 2026 - 07:19
0
महाराष्ट्र के ठगों ने शहर सर्राफा में की थी वारदात:गिरोह की चार टीमें वारदात के लिए उतरी थीं, पुलिस को मिले अहम सुराग
मेरठ के शहर सर्राफा बाजार में धनतेरस के दिन बंगाली कारीगर को सम्मोहित कर 32 ग्राम कच्चा सोना ठगने वाले बदमाश महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बदमाशों का गिरोह केवल एक वारदात करने नहीं बल्कि बाजार में एक साथ कई लोगों को निशाना बनाने की योजना के साथ उतरा था। ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम… गिरोह की चार टीमें अलग-अलग सक्रिय थीं। हालांकि बाजार में एडीजी और डीआईजी समेत पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के चलते तीन टीमों के हौसले पस्त हो गए और वे बिना वारदात किए लौट गईं। केवल एक टीम बंगाली कारीगर को अपना शिकार बना सकी। पुलिस को बदमाशों के संबंध में कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। शहर सर्राफा बाजार में शेख बगदुल इस्लाम पुत्र शेख हबीबर रहमान ऑर्डर पर जेवर तैयार कराने का काम करते हैं। उन्होंने अपनी दुकान पर कई बंगाली कारीगर लगा रखे हैं। इन्हीं में कोलकाता निवासी ऋषभ पुत्र प्रशांत भी शामिल है। विगत शुक्रवार को ऋषभ जेवर बनाने के लिए कहीं से 32 ग्राम कच्चा सोना लेकर दुकान लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में टप्पेबाजों ने उसे रोक लिया। बातचीत में उलझाकर उसे अपने प्रभाव में लिया और सम्मोहित करने के बाद 32 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। बदमाश ऋषभ को करीब 800 मीटर दूर तक ले गए थे, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। अधिकारियों की फुट पेट्रोलिंग के बीच हुई वारदात इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस समय बदमाश कारीगर को अपना शिकार बना रहे थे, उसी दौरान एडीजी जोन भानु भास्कर और डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी शहर सर्राफा बाजार में फुट पेट्रोलिंग कर रहे थे। वारदात की जानकारी मिलते ही दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस की कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगा दिया गया। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। एक साथ चार टीमों ने संभाला था मोर्चा पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के शुरुआती दौर में ही यह जानकारी सामने आई कि बदमाशों की योजना बाजार में एक से अधिक लोगों को ठगने की थी। इसके लिए गिरोह ने चार अलग-अलग टीमें सक्रिय की थीं। सभी टीमें अपने-अपने शिकार की तलाश में थीं। इसी बीच बाजार में पुलिस अधिकारियों और फोर्स की सक्रिय मौजूदगी के कारण तीन टीमों ने वारदात को अंजाम देने का जोखिम नहीं उठाया और वापस लौट गईं। केवल एक टीम ऋषभ को अपने जाल में फंसाने में कामयाब रही। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि गिरोह ने बाजार में किन-किन लोगों की रेकी की थी और उसके सदस्य किस रास्ते से आए तथा फरार हुए। महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस की जांच जांच में दूसरा अहम इनपुट गिरोह के महाराष्ट्र से जुड़े होने का मिला है। इसके बाद पुलिस की टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं। बदमाशों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चर्चा है कि पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से किसी की गिरफ्तारी या पहचान की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में हैं। सीसीटीवी में कैद हुई ठगी की पूरी करतूत वारदात के दौरान बदमाशों की गतिविधियां बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि किस तरह एक बदमाश ऋषभ को हाथ से रोककर बातचीत में उलझाता है। इसके बाद गिरोह का दूसरा सदस्य उसे अपने साथ लेकर आगे चला जाता है। इसी दौरान कारीगर से सोना ठग लिया जाता है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की गतिविधियों, उनके हुलिये और वारदात में इस्तेमाल किए गए रास्तों की पड़ताल कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User