फतेहपुर में मोबाइल रिचार्ज से खुला हत्या का राज:एक्सीडेंट दिखाने के लिए फेंका था शव; 16 दिन बाद पति गिरफ्तार
फतेहपुर में एक युवक ने ईंट से सिर पर हमला कर अपने पड़ोसी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क हादसे का रूप देने के लिए साइकिल गिराकर झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। वारदात के दौरान आरोपी का मोबाइल घटनास्थल पर छूट गया, जबकि वह मृतक का मोबाइल अपने साथ ले गया। करीब 16 दिन बाद आरोपी की पत्नी ने उसके मोबाइल में रिचार्ज कराया तो इनकमिंग कॉल आने लगीं। इसी से मोबाइल के असली मालिक की पहचान हुई और पुलिस हत्या के आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने शनिवार दोपहर ढाई बजे मामले का खुलासा किया। 13 नवंबर को मिला था रामजीवन का शव एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र में 13 नवंबर की सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान रामजीवन के रूप में हुई थी। शुरुआती जांच में घटनास्थल की स्थिति देखकर लग रहा था कि रामजीवन नशे की हालत में साइकिल से गिर गया होगा। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हुई होगी। घटनास्थल पर एक साइकिल गिरी हुई थी और आसपास की झाड़ियां अस्त-व्यस्त थीं। पुलिस को मौके से लावा कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिला था। पुलिस ने इसे मृतक का मोबाइल समझकर परिजनों को सौंप दिया था। मोबाइल पर कॉल आने से हुआ शक कुछ दिनों बाद उस मोबाइल पर कॉल आने लगीं। कॉल करने वालों से बातचीत के दौरान परिजनों को शक हुआ कि मोबाइल रामजीवन का नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति का है। जांच में मोबाइल की पहचान गांव के ही रहने वाले रवि सविता के फोन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने रवि से पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामजीवन की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। धान की कटाई को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, रवि ने पूछताछ में बताया कि 12 नवंबर की शाम वह रामजीवन के साथ शराब पी रहा था। दोनों के खेत आसपास हैं। इसी दौरान धान की कटाई को लेकर दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज होने लगी। विवाद बढ़ने पर रवि ने आवेश में आकर ईंट से रामजीवन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपी ने रामजीवन की साइकिल गिरा दी और आसपास की झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। इसके बाद वह मृतक का मोबाइल अपनी जेब में रखकर वहां से चला गया, जबकि उसका अपना मोबाइल घटनास्थल पर छूट गया। पत्नी ने कराया रिचार्ज, कॉल से खुला राज आरोपी को लग रहा था कि उसका मोबाइल कहीं खो गया है। बाद में उसकी पत्नी ने उसी मोबाइल में रिचार्ज करा दिया। इसके बाद फोन पर इनकमिंग कॉल आने लगीं। कॉल के जरिए मोबाइल के असली मालिक की पहचान हो सकी। यही मोबाइल पुलिस के लिए हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम सुराग बना। नहर से मोबाइल के टूटे हिस्से और ईंट बरामद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक के मोबाइल फोन के टूटे हुए कुछ हिस्से बरामद किए हैं। आरोपी ने मोबाइल तोड़कर नहर में फेंक दिया था। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, ईंट पर खून के निशान और बाल जैसे अवशेष दिखाई दिए हैं। इसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजकर फॉरेंसिक और डीएनए जांच कराई जाएगी। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी रवि सविता को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)