न प्रश्नकाल, न शून्यकाल! 4 दिन के संसद सत्र में सरकार लाएगी कौन-से बड़े बिल?
संसद का चार दिवसीय सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। इस दौरान प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। जानिए परिसीमन और महिला आरक्षण पर सरकार का क्या प्लान है।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 27 नवंबर 2026
संसद का चार दिवसीय सत्र 30 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। इस बार संसद की कार्यवाही में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर सरकारी कामकाज नहीं होगा। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी अलग-अलग बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी और 3 दिसंबर तक चल सकती है। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे दोबारा शुरू होगी और कामकाज की जरूरत के अनुसार 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया था।
संसद के इस सत्र को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों की है। माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक ला सकती है। प्रस्तावित परिसीमन के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने की चर्चा है। वहीं, महिला आरक्षण के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की योजना पर भी नजर रहेगी। हालांकि, सरकार की ओर से अंतिम विधायी एजेंडे की पुष्टि होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन औपचारिक रूप से सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ था। यह सत्र 100 दिनों से अधिक समय तक जारी रहा और 2008 में बने 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ गया। अब 30 नवंबर से शुरू होने वाली बैठकों में सरकार के विधायी प्रस्तावों और विपक्ष की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)