देवरिया में 16 हजार परिवारों ने स्वगणना की:30 नवंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य, प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की मदद कर रहे
देवरिया में स्वगणना को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। 16 नवंबर से शुरू हुई ऑनलाइन स्वगणना के तहत अब तक करीब 16 हजार परिवार अपना पंजीकरण करा चुके हैं। अधिक से अधिक परिवारों को प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रगणक और सुपरवाइजर लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। गांवों और नगर क्षेत्रों में माइक से प्रचार करने के साथ कर्मचारी घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वगणना की जानकारी दे रहे हैं। प्रशासन ने 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना पूरी कराने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर गणना का काम करेंगे। इसे देखते हुए फील्ड टीम लोगों को अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन विवरण दर्ज कराने के लिए प्रेरित कर रही है। प्रगणकों को अपने आवंटित क्षेत्रों में रहकर अधिक से अधिक परिवारों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। OTP और इंटरनेट की समस्या में भी मदद कर रहे कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या, मोबाइल पर ओटीपी नहीं आने और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी न होने से कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे परिवारों की मदद के लिए प्रगणक मौके पर पहुंचकर मोबाइल के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया समझा रहे हैं। बुजुर्गों और डिजिटल प्रक्रिया से अनजान लोगों को विशेष रूप से सहयोग दिया जा रहा है। फील्ड ट्रेनरों की टीम भी अभियान में जुटी अभियान की निगरानी और प्रगणकों को सहयोग देने के लिए फील्ड ट्रेनर भी सक्रिय हैं। डॉ. गोविंद मिश्रा, शिशिर राय, अरविंद कश्यप, कन्हैया, सर्वेश यादव, मिथिलेश चौरसिया और नरेंद्र मिश्रा समेत अन्य फील्ड ट्रेनर क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को जानकारी दे रहे हैं। जिला जनगणना प्रभारी टेक्निकल श्रीश मिश्रा ने बताया कि अब तक करीब 16 हजार परिवार स्वगणना पूरी कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द ऑनलाइन विवरण दर्ज कराने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)