आगरा में बारात पर घात-लगा लाठी-डंडा और सरिया से हमला:बस में बच्चों की सीट को लेकर हुआ विवाद बना हिंसा का कारण, पांच घायल
आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र के शहदरा स्थित शीतल विहार से रविवार सुबह 4 बजे मथुरा के टप्पल बस गई बारात पर लौटते समय जानलेवा हमला किया गया। बच्चों की सीट को लेकर बस में हुई मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष ने घात लगाकर हमला बोल दिया। हमले में छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। देख लेने की दी धमकी: शहदरा चौकी प्रभारी हिमांशु सैनी के अनुसार बारात लौटते समय बस में बच्चों के बीच सीट को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उनके पिता पवन और योगेश के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को “देख लेने” की धमकी दी। बस से किसी ने शहदरा में हमलवारों को सूचना दे दी। बरात वापस पहुंचने से पहले लगाई घात: रविवार सुबह करीब चार बजे जब बारात विकास नगर पहुंची, तो बघेल डेयरी के पास एक पक्ष के लोगों की भीड़ पहले से घात लगाकर बैठी थी। हमलावरों ने बारातियों को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे की सरियों से बेरहमी से पीटा। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी: घायल लोकेश का आरोप है कि हमले में निरंजन, टिंकू, पवन, बंटी समेत अन्य लोगों शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)