टैंक की चपेट में आने से शामली का जवान शहीद:हिसार में ट्रेनिंग के दौरान इकलौते बेटे की मौत, रविवार को गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
शामली के भाज्जु गांव निवासी भारतीय सेना के जवान मनीष हरियाणा के हिसार में ट्रेनिंग के दौरान शहीद हो गए। शनिवार दोपहर हिसार के भोजराज गांव में ट्रेनिंग के दौरान अचानक टैंक मनीष और बदायूं निवासी जवान अंकुश के ऊपर चढ़ गया। हादसे में दोनों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष के शहीद होने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने बताया कि भाज्जु गांव निवासी मनीष सेना में लांस नायक के पद पर तैनात थे। शनिवार दोपहर हिसार के भोजराज गांव में ट्रेनिंग के दौरान टैंक की चपेट में आने से मनीष और अंकुश की मौत हो गई। हिसार प्रशासन की ओर से घटना की सूचना दी गई है। रविवार दोपहर गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर तक मनीष का पार्थिव शरीर गांव पहुंच जाएगा। इसके बाद सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के इकलौते बेटे थे मनीष ग्राम प्रधान बॉबी ने बताया कि मनीष मिलनसार स्वभाव के थे। छुट्टी पर गांव आने के दौरान वह ग्रामीणों से जरूर मिलते थे। उनके पिता रामवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनीष परिवार के इकलौते बेटे थे और उनकी तीन बहनें हैं। शहादत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)