आगरा में सजा पटाखा बाजार,30 प्रतिशत महंगे:शाम को उमड़ेंगे ग्राहक - दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद
आगरा शहर में छोटी दिवाली पर पटाखा बाजार सज चुका है। चौराहों, मैदानों और प्रमुख बाजारों में दुकानें लग गई हैं। रंग-बिरंगे पटाखों से दुकानें भरी हैं, लेकिन दिन में ग्राहकों की भीड़ नजर नहीं आ रही है। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। शहर में करीब 200 से अधिक पटाखा दुकानें लगी हैं। कुछ जगहों पर अभी भी दुकानें लग रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि अभी दिन है। जैसे-जैसे लोगों के ऑफिस की छुट्टी होगी, वैसे-वैसे लोग पटाखे खरीदने पहुंचेंगे। बाजार में अभी गिरावट दिख रही है, लेकिन शाम को ही पता चलेगा कि बाजार कैसा रहेगा। दुकानदारों को इस बार दिवाली ठीक रहने की उम्मीद है। उनका कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार पटाखे करीब 30 प्रतिशत महंगे हुए हैं। ग्राउंड में दुकानदारों को 30 हजार रुपये में दुकान मिल रही है। दुकान का किराया भी महंगा है और पटाखे भी महंगे हैं। इसी वजह से लोग इस बार पटाखे कम खरीद रहे हैं। बाजार पहुंचे लोगों ने बताया कि पटाखे काफी अच्छे हैं, लेकिन महंगे भी हैं। पिछले साल के मुकाबले काफी महंगे लग रहे हैं। इस बार लोगों ने काफी कम पटाखे लिए हैं। कई लोग सिर्फ बच्चों के लिए थोड़े-बहुत पटाखे लेकर जा रहे हैं। कुछ लोग दाम सुनकर ही वापस लौट रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि हर साल छोटी दिवाली की शाम से ही असली बिक्री शुरू होती है। दिन में लोग पूजा और घर के कामों में व्यस्त रहते हैं। शाम होते ही परिवार के साथ बाजार में निकलते हैं। इसलिए अभी दुकानें खाली दिख रही हैं, लेकिन शाम तक भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन ने दुकानों के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। दुकानों के बीच दूरी, पानी और रेत की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। कुल मिलाकर बाजार सज तो गया है, लेकिन रौनक शाम पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)