आगरा में ऑटो चाकलों की मनमानी बन रही मुसीबत:अवैध ऑटो स्टैंड से लग रहा जाम, प्रतिबंध के बावजूद MG रोड पर खूब दौड़ रहे
आगरा में जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर आए दिन वाहन फंस रहे हैं। खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स में लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। शहर में जाम की एक बड़ी वजह जगह-जगह चल रहे अवैध ऑटो स्टैंड भी बन रहे हैं। ऑटो चालक चौराहों और सड़कों के किनारे मनमाने तरीके से वाहन खड़े कर सवारियां बैठाते हैं। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और धीरे-धीरे जाम लग जाता है। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के बाहर, लोहामंडी, बिजलीघर, भवान टॉकीज, सेंट जोंस और घटिया आजम खां समेत कई प्रमुख स्थानों पर ऑटो चालकों की मनमानी देखने को मिल रही है। यहां ऑटो चालक सड़क किनारे या चौराहों के पास ही वाहन रोककर सवारियां बैठाने लगते हैं। कई बार एक साथ कई ऑटो खड़े होने से सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है। इससे दूसरे वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती और जाम की स्थिति बन जाती है। शहर की प्रमुख सड़क एमजी रोड पर भी ई-रिक्शा और ऑटो की आवाजाही जाम की समस्या बढ़ा रही है। कुछ समय पहले डीएम के निर्देश पर एमजी रोड पर ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद अब इस मार्ग पर ई-रिक्शा और ऑटो लगातार दौड़ते नजर आ रहे हैं। इनके चलते व्यस्त समय में वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और कई जगह जाम लग जाता है। शहरवासियों को रोजाना इन रास्तों से गुजरते समय परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर मनमाने तरीके से वाहन रोककर सवारियां बैठाने और निर्धारित स्थानों के बजाय कहीं भी ऑटो खड़े करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में अवैध ऑटो स्टैंड पर कार्रवाई और एमजी रोड पर प्रतिबंध का पालन कराना यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)