आजमगढ़ में आधी रात को सड़क पर उतरे SSP:116 स्थानों पर चलाया गया चेकिंग अभियान, 2476 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, 778 वाहनों का चालान
आजमगढ़ आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार की देर रात SSP डॉ. अनिल कुमार ने कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों, नगर पालिका चौराहा, अग्रसेन चौराहे सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
एसएसपी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले एवं पूर्व से चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए लगातार बरती जा रही है सतर्कता
दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए जिले के एसएसपी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थान और बाजारों में फूट पेट्रोलिंग की गई। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस का डेप्लॉयमेंट किया जा चुका है। त्योहारों में ट्रैफिक के साथ-साथ महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस सक्रिय है। इसी क्रम में जिले के 116 चिह्नित स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान 2,476 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 778 वाहनों का चालान किया गया और दो वाहनों को सीज किया गया। पेशेवर और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी व्यवस्था भी लागू की है। इसके तहत लगभग 600 से 700 पुलिसकर्मी सादे वस्त्रों और वर्दी में लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ और संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बैठकों के माध्यम से लोगों से संवाद और समन्वय स्थापित कर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकार शुभम तोदी कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)