धनतेरस पर यहियागंज बाजार में थोक खरीदारों की भीड़:प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारी, पीतल-तांबे के बर्तनों और गिफ्ट की मांग बढ़ी
लखनऊ के यहियागंज बाजार में धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। थोक बाजार होने के कारण प्रदेशभर से व्यापारी यहां पहुंच रहे हैं। वहीं,फुटकर खरीदार भी पूजा और घर की जरूरतों के लिए बर्तन खरीद रहे हैं। स्टील के साथ पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग बढ़ी है। एंटीक कलेक्शन,पूजा सामग्री और कॉर्पोरेट गिफ्ट भी ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। दो महीने की मंदी के बाद बाजार में लौटी रौनक से व्यापारियों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। लखनऊ मेटल मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश चंद अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में अच्छी भीड़ है। व्यापारी थोक में खरीदारी कर रहे हैं, जबकि फुटकर ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार सामान ले रहे हैं। स्टील के अलावा पीतल और तांबे के बर्तनों में भी लोगों की रुचि बढ़ी है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के चलते लोग खाना पकाने और पानी पीने के लिए इन बर्तनों को पसंद कर रहे हैं। पूजा,प्रसाद और भोग के लिए भी पीतल-तांबे के सामान की खरीदारी हो रही है।कीमत अधिक होने के बावजूद इनकी मांग बनी हुई है। व्यापारियों को पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। दो महीने की मंदी के बाद बाजार में सुधार उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा वरिष्ठ महामंत्री समीर जैन ने बताया कि पिछले दो महीने बाजार में मंदी रही, लेकिन करीब 15 दिनों से कारोबार में सुधार आया है। धनतेरस और दीपावली को देखते हुए तांबे के छह पीस वाले ग्लास सेट और जग की मांग अधिक है। थर्मोवेयर के कैसरोल सेट और हॉट केतली भी खूब बिक रहे हैं।इसके अलावा कॉर्पोरेट गिफ्ट और परिचितों को देने के लिए उपहारों की खरीदारी बढ़ी है। एंटीक कलेक्शन और तांबे के लोटे की पसंद दुकानदार जितेंद्र सुमानी ने बताया कि धनतेरस से एक दिन पहले ही बाजार में काफी भीड़ है।ग्राहक इस बार कुछ अलग और नए डिजाइन तलाश रहे हैं। एंटीक कलेक्शन में एल्युमिनियम की एम्ब्रॉयडरी वाले तांबे के बर्तन की अधिक मांग है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)