ब्रजेश पाठक बोले- प्रकृति से दूरी बीमारियों की वजह:उप मुख्यमंत्री ने कहा- स्वस्थ रहने के लिए सात्विक भोजन और व्यायाम जरूरी
आधुनिकता की दौड़ में हम प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं। प्रकृति के साथ तालमेल नहीं रखना बीमारियों की बड़ी वजह है। स्वस्थ रहने के लिए सात्विक भोजन, नियमित व्यायाम और व्यसनों से दूरी जरूरी है। यह बात उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही। वे चौक स्थित खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन समारोह में बोल रहे थे। ‘Humanity, Health and Well-being in Contemporary Society: An Interdisciplinary Perspectives’ विषय पर संगोष्ठी में ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को भी महत्व देना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईआईटीआर) के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डॉ. वीपी शर्मा ने कहा कि विकास के साथ विनाश से बचना भी जरूरी है। इसके लिए अधिक से अधिक अनुसंधान कार्य होने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके। लखनऊ विश्वविद्यालय के जैव रसायन विभाग के प्रो. सुधीर मेहरोत्रा ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है। शोधपत्र और पोस्टर प्रस्तुतियों को मिला सम्मान संगोष्ठी के दूसरे दिन ऑनलाइन पूर्ण सत्र में ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के प्रो. यतेन्द्र कुमार सिंह ने व्याख्यान दिया। इसके बाद ऑनलाइन और ऑफलाइन तकनीकी सत्रों में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षाविदों, शोधार्थियों और प्रतिभागियों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। दो दिवसीय आयोजन की शैक्षणिक गतिविधियों की रिपोर्ट डॉ. सत्यम तिवारी ने प्रस्तुत की। उत्कृष्ट शोधपत्र और पोस्टर प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया के स्वागत संबोधन से हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)