आजमगढ़ में विदेश भेजने के नाम पर 1.26 लाख ठगे:फर्जी हवाई टिकट थमाने का आरोप, शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आजमगढ़ जिले में विदेश भेजने का झांसा देकर एक युवक से 1.26 लाख रुपये लेने और उसका पासपोर्ट अपने पास रख लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर उससे कई किस्तों में रुपये लिए गए, लेकिन उसे विदेश भेजने के बजाय फर्जी हवाई टिकट थमा दिया गया। रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करता रहा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिले के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोडर अजमतपुर निवासी संदीप यादव के अनुसार, विदेश जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने के बाद उसकी मुलाकात अपने रिश्तेदारों के माध्यम से बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पड़री जमीन निवासी सुनील कुमार यादव से हुई थी। सुनील ने उसे बताया कि उसका भाई अनिल कुमार यादव भीमबर बाजार में विदेश भेजने का कार्यालय चलाता है और वह उसे विदेश भेजने की व्यवस्था करा देगा। बैंक खाते से दिया पैसा
आरोप है कि सुनील की बातों पर भरोसा करके संदीप ने अपने बैंक खाते से कई किस्तों में 1.01 लाख रुपये दिए। इसके अलावा पासपोर्ट के साथ 25 हजार रुपये नकद भी दिए। पीड़ित के मुताबिक, 29 अगस्त 2025 को सुनील ने उसे विदेश भेजने के लिए दिल्ली बुलाया और टिकट देने का आश्वासन दिया, लेकिन कई दिनों तक इधर-उधर घुमाने के बाद भी टिकट नहीं दिया।
संदीप का आरोप है कि 28 सितंबर 2025 को सुनील ने चार लोगों को हवाई टिकट दिए, जिनमें एक टिकट उसका भी था। जांच कराने पर टिकट फर्जी निकला। इसके बाद उसने अपने रुपये और पासपोर्ट वापस मांगे, लेकिन आरोपित लगातार टालमटोल करता रहा। 27 मई 2026 को वह रुपये मांगने सुनील के घर पहुंचा तो वहां उसके भाई अनिल से मुलाकात हुई। आरोप है कि अनिल ने उसे वहां से चले जाने और जो करना हो करने की बात कही। इसके बाद शिकायत करने की बात कहने पर 28 मई को सुनील ने उसके खाते में केवल 10 हजार रुपये वापस किए। शेष रकम और पासपोर्ट अब तक वापस नहीं किया गया है। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने लोगों से कर्ज लेकर विदेश जाने के लिए रुपये दिए थे। रकम और पासपोर्ट वापस नहीं मिलने से वह परेशान है। उसने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए अपना पैसा और पासपोर्ट वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)