आठ साल बाद IPS जसवीर सिंह बहाल:2019 से चल रहे थे निलंबित, इंटरव्यू में सरकार और पुलिस पर सवाल उठाने पर हुई थी कार्रवाई
यूपी पुलिस के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह को करीब आठ साल बाद बहाल कर दिया गया है। वे 14 फरवरी 2019 से निलंबित चल रहे थे। लंबे समय तक निलंबन में रहने के कारण उनका मामला पुलिस महकमे में चर्चा का विषय रहा। जसवीर सिंह अपर पुलिस महानिदेशक यानी एडीजी रैंक के अधिकारी हैं। जसवीर सिंह का निलंबन फरवरी 2019 में एक न्यूज पोर्टल को दिए गए इंटरव्यू के बाद हुआ था। इसमें उन्होंने पुलिस व्यवस्था, राजनीतिक हस्तक्षेप और अधिकारियों की तैनाती को लेकर सवाल उठाए थे। सरकार ने इसे अखिल भारतीय सेवा के आचरण नियमों का उल्लंघन माना था। उन पर बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप भी लगाया गया था। 2019 में क्यों हुए थे निलंबित? जसवीर सिंह उस समय एडीजी रूल्स एंड मैनुअल्स के पद पर तैनात थे। जनवरी 2019 में एक अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने पुलिस की एनकाउंटर नीति, राजनीतिक हस्तक्षेप और अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से राजनीतिक लोगों के प्रति वफादार रहने की अपेक्षा की जाती है, जबकि यह संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने अपनी तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए थे। इसके बाद शासन ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले की जांच भी शुरू की थी जसवीर सिंह 2003 में यूपी पुलिस की फूड सेल में एसपी थे। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर करोड़ों रुपये के खाद्यान्न घोटाले में आरोप लगाए थे। लखीमपुर खीरी और सीतापुर से जुड़े इस मामले की जांच बाद में सीबीआई को सौंप दी गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)