प्रयागराज के सेंट जोसेफ कॉलेज में वार्षिक एथलेटिक मीट:खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मार्च पास्ट और मशाल रिले का आयोजन
सेंट जोसेफ कॉलेज प्रयागराज में वार्षिक एथलेटिक मीट और पीटी का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि एयर मार्शल तरन चौधरी (अति विशिष्ट सेवा मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल), एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल एयर कमांड रहे। उनके साथ डायोसिस ऑफ इलाहाबाद के पूर्व प्रधानाचार्य रेव. फादर डॉ. लुईस मस्करेनहस, विशिष्ट अतिथि रेव. फादर मेलविन विल्सन डिसूजा, रेव. फादर टाइटस विजय लोबो, रेव. फादर एल्बर्ट लोबो तथा पूर्व कमिश्नर बादल चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 'संस्कृति से समृद्धि तक' कक्ष में कॉलेज ध्वज एवं मशाल को आशीर्वाद प्रदान किया गया। अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें मैदान तक लाया गया। अपर्णा रंजन ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया, जबकि डॉ. शीतल सेबेस्टियन ने विशप का परिचय प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डी सिल्वा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को नवपल्लव भेंटकर सम्मानित किया। समारोह की शुरुआत कक्षा आठ के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत 'संस्कृति से समृद्धि तक' कार्यक्रम से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया और एनसीसी कैडेट्स एवं ओबीए के छात्रों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। ईमानदारी और अनुशासन की शपथ दिलाई
मुख्य अतिथि ने कॉलेज ध्वज फहराया तथा खिलाड़ियों को खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन की शपथ दिलाई। इसके बाद मशाल रिले का आयोजन हुआ और खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा की गई। एथलेटिक मीट के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 100 मीटर बाधा दौड़, धीमी साइकिल दौड़, तेज साइकिल दौड़ तथा इंटर-हाउस 4×100 मीटर रिले जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छोटे विद्यार्थियों के लिए लिटिल हर्डल्स-बिग चैंपियंस, जर्सी टू विक्ट्री, रन फॉर वेजीज और हैप्पी हर्डल रेस जैसे आकर्षक आयोजन भी हुए। कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ के विभिन्न वर्गों में कृष्णा पांडेय, अक्षत वर्धन और अद्विक रजनीश ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ईशान गुप्ता, अबान अहमद और आराध्य यादव द्वितीय स्थान पर रहे। अमरनाथ, मोहम्मद जैद अंसारी और अब्दुल अहद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बाधा दौड़ में अभिषेक तिवारी और ओम तिवारी ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर देवी प्रसाद डे मेमोरियल स्कॉलरशिप, फ्र. रेगो अवॉर्ड, अच्युत एवं अशोक अवॉर्ड, निशिथ दीक्षित अवॉर्ड, लुफ्ती अली एवं रशीदी अली अवॉर्ड तथा टेरली गोल्डन कार्वर मेमोरियल अवॉर्ड सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। कॉलेज के वरिष्ठ सदस्यों और सिल्वर जुबिलियंस को भी सम्मानित किया गया। ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की ओर से विभिन्न आयु वर्गों की दौड़ तथा इंटर-हाउस टग-ऑफ-वॉर प्रतियोगिता ने आयोजन में विशेष उत्साह भर दिया। पुरस्कार बांटे गए कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं प्रतिभा को निखारने का अवसर देती हैं, लेकिन जीवन में अनुशासन ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाता है। उन्होंने छात्रों को विनम्र रहकर निरंतर मेहनत करने और अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल विभाग के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं सहित आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कॉलेज कैप्टन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समापन समारोह में कॉलेज ध्वज उतारा गया तथा मुख्य अतिथि ने एथलेटिक मीट के समापन की घोषणा की। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)