अलीगढ़ में तीन बूथों पर औचक पहुंचे डीएम:मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ से पूछे सवाल; जवाब नहीं मिला तो सुपरवाइजर पर नाराजगी

Nov 29, 2026 - 18:12
0
अलीगढ़ में तीन बूथों पर औचक पहुंचे डीएम:मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ से पूछे सवाल; जवाब नहीं मिला तो सुपरवाइजर पर नाराजगी
अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान में रविवार को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अब्दुल्ला कॉलेज और नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में बने बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति का हिसाब लिया। ईपीआईसी रेशियो, जेंडर रेशियो, कुल मतदाताओं और बूथवार प्राप्त फार्मों की जानकारी मांगी। डीएम ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त सभी फार्मों की बीएलओ एप पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग की जाए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप फार्म नहीं मिलने पर सोमवार से बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाएगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने डुप्लीकेट प्रविष्टियों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने और मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी बीएलओ को उनके काम की टास्क लिस्ट दी गई है। व्हाट्सएप ग्रुप पर भी जिम्मेदारियां और दिशा-निर्देश साझा किए गए हैं। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान बूथ पर संतोषजनक जानकारी और जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर के प्रति नाराजगी जताई। डीएम ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में पूरी गंभीरता से काम पूरा करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र या डुप्लीकेट नाम सूची में बने न रहें। निरीक्षण के दौरान एसीएम प्रथम रामवीर सिंह सहित संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User