AI के दौर में युवाओं पढ़ रहे तिरुक्कुरल का पाठ:हिंदी की 27 बाल पुस्तकों का तमिल में अनुवाद जारी,3000 बच्चों तक पहुंचेगी तिरुक्कुरल की सीख

Nov 29, 2026 - 17:04
0
AI के दौर में युवाओं पढ़ रहे तिरुक्कुरल का पाठ:हिंदी की 27 बाल पुस्तकों का तमिल में अनुवाद जारी,3000 बच्चों तक पहुंचेगी तिरुक्कुरल की सीख
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में जब दुनिया तकनीक के सहारे तेजी से बदल रही है, तब काशी में युवाओं को सदियों पुराने ज्ञान और जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। मौका है काशी तमिल संगमम् 5.0 का। रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कृषि विज्ञान संस्थान स्थित शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों के समूह-1 का शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू हुआ। इस बार आयोजन की थीम 'द यंग एंड द कुरल : डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य' रखी गई है। इसमें तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, भारतीय ज्ञान परंपरा और काशी की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जा रहा है। 1330 दोहों में छिपा जीवन का मंत्र कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री चामू कृष्ण शास्त्री, अध्यक्ष भारतीय भाषा समिति, शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि काशी तमिल संगमम् महज सांस्कृतिक आयोजन या पर्यटन कार्यक्रम नहीं है। यह भाषा, संस्कृति, ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाली यात्रा है। उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। BHU के इतिहास विभाग के प्रो. ए. गंगाधरन ने तिरुक्कुरल की प्रासंगिकता पर व्याख्यान देते हुए बताया कि इसके 1330 दोहों में पारिवारिक जिम्मेदारियों, नैतिकता, मानवीय गरिमा और सामाजिक मूल्यों का गहरा संदेश छिपा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन शिक्षाओं को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर अपने जीवन में उतारने की अपील की। वहीं, अंग्रेजी विभाग के डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि AI के दौर में तकनीक सूचनाएं तो दे सकती है, लेकिन ज्ञान, विवेक और मानवीय अनुभव का महत्व कभी खत्म नहीं होगा। तिरुक्कुरल जैसे प्राचीन ग्रंथ आधुनिक पीढ़ी को तकनीक के जिम्मेदार और मानवीय इस्तेमाल की सीख दे सकते हैं। 50 स्कूलों के 3000 बच्चों तक पहुंचेगी तिरुक्कुरल की सीख काशी तमिल संगमम् के तहत अब तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को स्कूलों तक पहुंचाने की भी तैयारी है। शिक्षकों के साथ आयोजित संवाद सत्र में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के 50 विद्यालयों के करीब 3000 विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की योजना साझा की गई। इसके लिए डिजिटल सामग्री, वीडियो, ऑडियो-विजुअल माध्यम और ऑनलाइन क्विज का सहारा लिया जाएगा। रोबोटिक्स से AI तक के विद्यार्थी बोले- परंपरा और तकनीक साथ चलें तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इनमें उदय राज (एमए इंडियन कल्चर), उमेश्वर एम. (बीटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस), युकेश कुमार (एमबीए, हॉस्पिटल मैनेजमेंट) और जगन (बीई, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन) शामिल रहे। जगन ने कहा कि उनकी रुचि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और एआई एजेंट विकसित करने में है। काशी तमिल संगमम् जैसे आयोजन यह समझने का अवसर देते हैं कि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं। भविष्य की तकनीकों में भारतीय ज्ञान परंपरा के नैतिक मूल्यों को शामिल करना जरूरी है। वहीं, उमेश्वर एम. ने कहा कि तकनीकी विकास के साथ नैतिक मूल्यों का होना भी जरूरी है। तिरुक्कुरल जैसे प्राचीन ग्रंथ डिजिटल पीढ़ी को तकनीक के जिम्मेदार और मानवीय इस्तेमाल की प्रेरणा दे सकते हैं। काशी की विरासत से भी रूबरू होंगे विद्यार्थी BHU के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय में तमिल साहित्य और तिरुक्कुरल पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उल्लेख किया। साथ ही भारत कला भवन, मालवीय अभिलेखागार, दृश्य कला और प्रदर्शन कला संकाय जैसी संस्थाओं के महत्व को बताया। कार्यक्रम की शुरुआत तमिल विभाग के डॉ. जगदीशन टी. के स्वागत संबोधन से हुई। इस दौरान BHU और IIT (BHU) की उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्र भी दिखाए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User