अलीगढ़ में भाजपा के बैठक के ठिकाने पर विवाद:महानगर अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष आमने-सामने, दोनों ने अलग-अलग स्थान तय किए
अलीगढ़ भाजपा महानगर संगठन में बैठक के आयोजन स्थल को लेकर मतभेद सामने आए हैं। महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा और मडराक मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार तोमर की ओर से जारी अलग-अलग सूचनाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। विवाद बैठक के स्थान से शुरू हुआ, लेकिन अब इसे संगठन में संवाद और समन्वय से जोड़कर देखा जा रहा है। महानगर अध्यक्ष ने SJD कैंप कार्यालय में तय कीं चार बैठकें महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने 26 नवंबर को SJD कैंप कार्यालय में चार मंडलों की अलग-अलग बैठकें निर्धारित की थीं। जारी कार्यक्रम के अनुसार मडराक मंडल की बैठक सुबह 10 बजे, जयगंज मंडल की 11:30 बजे, महावीरगंज मंडल की दोपहर 1 बजे और रघुवीरपुरी मंडल की दोपहर 2 बजे होनी थी। इनमें संबंधित मंडलों के शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी और बूथ अध्यक्षों को बुलाया गया था। मडराक मंडल अध्यक्ष ने मुकुंदपुर में तय किया था स्थान मडराक मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार तोमर ने बताया कि महानगर अध्यक्ष की ओर से बैठक की सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने मंडल के पदाधिकारियों को जानकारी दे दी थी। इसके लिए सुबह 10 बजे मुकुंदपुर स्थित एक निजी बैंक्वेट में बैठक का स्थान तय किया गया था। मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों और बूथ अध्यक्षों को सूचना देने के बाद महानगर नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दे दी गई थी। अनिल कुमार तोमर का आरोप है कि इसके बावजूद उनके तय कार्यक्रम को स्वीकार नहीं किया गया और SJD कैंप कार्यालय में बैठक का पोस्टर जारी कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि संगठन की सार्वजनिक बैठक किसी पदाधिकारी के निजी आवास पर करने के बजाय भाजपा के जिला कार्यालय में होनी चाहिए। 108 बूथों के कार्यकर्ताओं को बुलाने में खर्च का तर्क अनिल कुमार तोमर के मुताबिक, मडराक मंडल में 108 बूथ, 20 शक्ति केंद्र, 20 शक्ति केंद्र प्रभारी और 23 मंडल पदाधिकारी हैं। इतने बड़े क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को बार-बार अलीगढ़ बुलाने से उनका समय और आर्थिक खर्च बढ़ता है। इसी वजह से उन्होंने मंडल क्षेत्र के नजदीक बैठक स्थल तय किया था। बैठक के आयोजन स्थल को लेकर दोनों पदाधिकारियों की अलग-अलग सूचनाएं सामने आने के बाद संगठन के भीतर आपसी समन्वय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा का इस विवाद पर पक्ष सामने नहीं आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)