सहारनपुर में गोकश का हॉफ एनकाउंटर:काउंटर फायरिंग में एक बदमाश घायल, एक हुआ फरार, दोनों गोकशी की कर रहे थे तैयारी
सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में गोकशी की कोशिश कर रहे दो युवकों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कांबिंग कर रही है। सीओ प्रिया ने बताया कि गुरुवार रात 26 नवंबर को बेहट थाना पुलिस की टीम शाकुंभरी रोड से भागूवाला की तरफ जाने वाले रास्ते पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम चड्ढा फार्म हाउस के पास जंगल की तरफ पहुंची। वहां आम के बाग में रोशनी दिखाई दी। पुलिसकर्मी रोशनी की दिशा में आगे बढ़े तो देखा कि एक गोवंश पेड़ से बंधा हुआ था और दो युवक गोकशी करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान मुबारिक पुत्र नसीम निवासी रायपुर कलां, थाना बेहट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से एक जिंदा गोवंश, गोकशी करने के उपकरण और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक भी मिली है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोकशी, चोरी और हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मुबारिक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बेहट थाने में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। वहीं, फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जंगल में लगातार कांबिंग की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)