अम्बेडकरनगर में 2,352 बच्चे कुपोषित मिले:अभियान में सुधार नहीं, पोषण पुनर्वास केंद्र की क्षमता भी कम
अम्बेडकरनगर में संयुक्त जांच के दौरान अब तक 2,352 बच्चे कुपोषित मिले हैं। इसके बावजूद बीते दो महीने से कुपोषण उन्मूलन अभियान में सुधार नहीं दिख रहा है। बच्चों की पहचान हो रही है, लेकिन उन्हें कुपोषण से बाहर निकालना चुनौती बना हुआ है।
कुपोषित बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पर है। यहां अति कुपोषित बच्चों को 10 से 15 दिन भर्ती रखकर पौष्टिक आहार दिया जाता है और उनकी सेहत पर नजर रखी जाती है। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया जाता है। बच्चों की संख्या के मुकाबले केंद्र की क्षमता कम है, जिससे इलाज की व्यवस्था भी चुनौती बनी हुई है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त जांच में लगातार नए बच्चे कुपोषित मिल रहे हैं। कुपोषण पर नियंत्रण के लिए बच्चों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी सलाह जरूरी है। अभियान की धीमी रफ्तार के चलते इन प्रयासों का असर नहीं दिख रहा है।
जिले में 2,551 आंगनबाड़ी केंद्र पंजीकृत हैं। इनमें छह साल तक के बच्चों के साथ गर्भवती और धात्री महिलाएं भी पात्र सूची में शामिल हैं। कुल दो लाख पात्र लोगों में 1 लाख 42 हजार 232 बच्चे हैं। इन सभी को कुपोषण से बचाने के लिए पौष्टिक आहार दिया जाता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि कुमार सिंह ने बताया कि अति कुपोषित बच्चों को जिला चिकित्सालय के पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाता है। वहां 10 से 15 दिन तक पौष्टिक आहार देने के साथ उनकी सेहत पर नजर रखी जाती है। इसके बाद बच्चों को घर भेज दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि कुपोषण का अनुपात खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाने के साथ जांच भी की जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)