अमर बलिदानियों की याद में 1 साल तक चलेगा अभियान:19 दिसंबर से होगी काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष की शुरूआत

Nov 08, 2026 - 10:55
0
अमर बलिदानियों की याद में 1 साल तक चलेगा अभियान:19 दिसंबर से होगी काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष की शुरूआत
काकोरी ट्रेन एक्शन के 4 अमर बलिदानियों की याद में 19 दिसंबर से राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। 'काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष'के नाम से आयोजित इस अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफ़ाक उल्ला ख़ाँ, ठाकुर रोशन सिंह एवं राजेंद्र नाथ लाहिड़ी के महान बलिदान के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुकृपा संस्थान एवं अखिल भारतीय क्रांतिकारी सम्मान संघर्ष मोर्चा यह अभियान आयोजित करेगा। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री व काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष राष्ट्रीय अभियान 2026-27 के मुख्य संयोजक बृजेश राम त्रिपाठी ने बताया कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने में क्रांतिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि 19 दिसंबर 1927 को पंडित राम प्रसाद बिस्मिल ने गोरखपुर जेल, अशफ़ाक उल्ला ख़ाँ ने फैजाबाद जेल तथा ठाकुर रोशन सिंह ने नैनी जेल में राष्ट्र के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। वहीं राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को निर्धारित तिथि से पूर्व 17 दिसंबर 1927 को गोंडा जेल में फाँसी दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष को राष्ट्रीय जन-जागरण अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2027 को राजेंद्र नाथ लाहिड़ी बलिदान दिवस एवं 19 दिसंबर 2027 को पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफ़ाक उल्ला ख़ाँ एवं ठाकुर रोशन सिंह बलिदान दिवस तथा शताब्दी वर्ष का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी को क्रांतिकारियों के त्याग, तपस्या, राष्ट्रनिष्ठा एवं जीवन दर्शन से परिचित कराना, युवाओं में राष्ट्र चेतना जागृत करना, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा बलिदान स्थलों के ऐतिहासिक महत्व को जनमानस तक पहुंचाना है। बृजेश राम त्रिपाठी ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस ऐतिहासिक शताब्दी अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा अमर बलिदानियों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User