AMU में आठ साल बाद छात्रों की सरकार:19 दिन की भूख हड़ताल से यूनियन हुई बहाल; नोमान अशरफ अध्यक्ष, नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष, हमदान सचिव पद जीते
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल का इंतजार खत्म हुआ। 19 दिन के छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद आखिरकार छात्रों की सरकार बन गई। गुरुवार को हुए छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानद सचिव और फैकल्टीवार कोर्ट मेंबर के परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम और मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने जीत दर्ज की। इस चुनाव ने एएमयू के इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया। तीन प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव में पहली बार किसी महिला ने जीत दर्ज की है। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली नसरा लखनऊ में रहती हैं। अध्यक्ष पद पर विजयी पीएचडी छात्र नोमान अशरफ बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले हैं, जबकि मानद सचिव इंजीनियरिंग छात्र मोहम्मद हमदान आजमगढ़ के निवासी हैं। 4121 वोट से जीते नोमान, नसरा ने 1273 वोट से दर्ज की जीत अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ को 7797 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे मोहम्मद इंतखाब को 3676 वोट मिले। इस तरह नोमान ने 4121 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम को 7091 और दूसरे स्थान पर रहे साकिब अली खान को 5818 वोट मिले। नसरा ने 1273 वोट से जीत हासिल की। मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान को 8385 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे अहमद फराज राजी को 6882 वोट मिले। हमदान ने 1503 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। तीनों प्रमुख पदों में सबसे ज्यादा वोट भी मानद सचिव मोहम्मद हमदान को मिले। सुबह पांच बजे से जश्न, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजा कैंपस गुरुवार सुबह से मतदान को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह रहा। शाम को मतदान समाप्त होने के बाद रात करीब 7 से 8 बजे के बीच मतगणना शुरू हुई। एबीके गर्ल्स यूनियन स्कूल में मतगणना के दौरान जैसे-जैसे रुझान स्पष्ट होते गए, प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें बढ़ती गईं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तीनों प्रमुख पदों के परिणाम लगभग स्पष्ट हो गए। इसके बाद मतगणना स्थल के बराबर स्थित यूनियन हॉल और मैदान में जश्न शुरू हो गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी और आतिशबाजी की। तीनों विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा लग गया। परिणाम स्पष्ट होने के बाद पराजित प्रत्याशी और उनके समर्थक वहां से चले गए। इसके बाद तीनों विजेता यूनियन हॉल पहुंचे। यहां समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। देर तक नारेबाजी, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी का दौर चलता रहा। आठ साल बाद छात्रसंघ की बहाली के बाद कैंपस में ऐसा उत्सव देखने को मिला, जिसमें छात्र, समर्थक और प्रत्याशी पूरी रात मतगणना और परिणामों से जुड़े रहे। 19 दिन की भूख हड़ताल के बाद लौटी छात्रसंघ की रौनक छात्रसंघ चुनाव की बहाली के पीछे लंबा आंदोलन रहा। छात्र यासिर फहद ने चुनाव कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 21 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू की थी। डक पॉइंट और अब्दुल्लाह गर्ल्स कॉलेज गेट पर चले इस आंदोलन में छात्राओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। 19 दिन के आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और आंदोलनकारी छात्रों के बीच सहमति बनी। इसके बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई और 5 नवंबर को मतदान कराया गया। इस चुनाव के साथ आठ साल से बंद छात्रसंघ की गतिविधियां फिर शुरू हुईं। अब अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव के साथ फैकल्टीवार कोर्ट मेंबर भी चुन लिए गए हैं। हालांकि, कैबिनेट सदस्यों का परिणाम अभी जारी होना बाकी है, जिसे कुछ देर में घोषित किया जाएगा। तीन प्रमुख पदों का पूरा परिणाम पद प्रत्याशी मिले वोट
अध्यक्ष मोहम्मद नोमान अशरफ 7797
अध्यक्ष मोहम्मद इंतखाब 3676
अध्यक्ष शरजील इकबाल 1807
अध्यक्ष मोहम्मद जुहैर अहमद 1274
अध्यक्ष अब्दुल वहीद 361
अध्यक्ष असमर फरीदी 345
अध्यक्ष अमीना इरशाद 136
अध्यक्ष शरजील मोहम्मद खान 33
अध्यक्ष साहिल खान 14
उपाध्यक्ष नसरा नईम 7091
उपाध्यक्ष साकिब अली खान 5818
उपाध्यक्ष मोहम्मद सदान 1525
उपाध्यक्ष अयमान हफीज खान 603
उपाध्यक्ष इरफा खान 196
उपाध्यक्ष सैयद अयान अहमद 75
उपाध्यक्ष अशफाक हुसैन 69
मानद सचिव मोहम्मद हमदान 8385
मानद सचिव अहमद फराज राजी 6882
मानद सचिव मोहम्मद ओवैस 144 जीत का गणित पद- विजेता को वोट- दूसरे प्रत्याशी को वोट- जीत का अंतर
अध्यक्ष- 7797 - 3676 -4121
उपाध्यक्ष -7091 -5818 - 1273
मानद सचिव -8385 - 6882 - 1503 फैकल्टीवार विजयी कोर्ट मेंबर चिकित्सा संकाय से मोहम्मद कैफ 1147 वोट पाकर जीते। जीवन विज्ञान संकाय मोहम्मद राफे 383 वोट पाकर जीते। इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय से मोहम्मद कुमैल अशरफ 1384 वोट पाकर जीते। विधि संकाय से मोहम्मद हमजा अंसारी 321 वोट पाकर जीते। प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन संकाय से मोहम्मद अहसुन उस्मानी 241 वोट पाकर जीते। कृषि विज्ञान, धर्मशास्त्र एवं कुरान अध्ययन केंद्र से मोहताशिम एजाज सानी 294 वोट पाकर जीते।विज्ञान संकाय से शाहंशाह खान 941 वोट पाकर जीते। कला संकाय से कफील उल हक 495 वोट पाकर जीते। यूनानी चिकित्सा संकाय से आमिना फैजान 216 वोट पाकर जीते। वाणिज्य संकाय से इल्मा मशरूफ 336 वोट पाकर जीते। समाज विज्ञान संकाय से अब्दुल बासिद सिद्दीकी 743 वोट पाकर जीते। अब तक के परिणाम का सार - तीन प्रमुख पदों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव निर्वाचित।
- 11 फैकल्टी/समूहों के कोर्ट प्रतिनिधियों के परिणाम घोषित।
- नसरा नईम एएमयू छात्रसंघ के तीन प्रमुख पदों में पहली महिला निर्वाचित।
- तीन प्रमुख पदों में सर्वाधिक 8385 वोट मानद सचिव मोहम्मद हमदान को मिले।
- कैबिनेट सदस्यों का परिणाम अभी प्रतीक्षित।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)