48 मतदेय स्थल घटे, अब 1252 बूथों पर होगा मतदान:बिधूना, दिबियापुर और औरैया विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव; बीएलओ के जरिए मतदाताओं को दी जाएगी जानकारी
औरैया जिले में मतदेय स्थलों के संभाजन के बाद इनकी संख्या 48 घट गई है। अब जिले में 854 मतदान केंद्र और 1,252 मतदेय स्थल होंगे। पहले 855 मतदान केंद्र और 1,300 मतदेय स्थल थे। मतदेय स्थलों में बदलाव की जानकारी बीएलओ के जरिए मतदाताओं को दी जाएगी, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक शुक्रवार को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट के मानस सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी गई। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बदले मतदेय स्थल जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 202 बिधूना में पहले 287 मतदान केंद्र और 471 मतदेय स्थल थे। अब यहां 289 मतदान केंद्र और 459 मतदेय स्थल होंगे। विधानसभा क्षेत्र 203 दिबियापुर में पहले 290 मतदान केंद्र और 410 मतदेय स्थल थे। अब इनकी संख्या घटकर 289 मतदान केंद्र और 394 मतदेय स्थल रह गई है। विधानसभा क्षेत्र 204 औरैया में पहले 278 मतदान केंद्र और 419 मतदेय स्थल थे। अब यहां 276 मतदान केंद्र और 399 मतदेय स्थल होंगे। बीएलए के जरिए भी मतदाताओं तक पहुंचेगी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से भी मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाने की अपील की। इसका उद्देश्य मतदेय स्थल बदलने के कारण किसी मतदाता को मतदान में परेशानी न हो। युवाओं और छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, नवविवाहिताओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राशन विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का सहयोग लिया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर दोहरी प्रविष्टि रोकने की व्यवस्था भी की गई है। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, बसपा मंडल प्रभारी अनिल दोहरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमरचंद्र राठौर, कांग्रेस जिला सचिव सुमित त्रिपाठी, अपना दल के मोहित सेंगर, सीपीआई (एम) के हरिश्चंद्र, एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य और एसडीएम दिव्या सिकरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)