प्रयागराज में दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन:बवाल हुआ तो कैसे संभालेंगे मोर्चा? 4 घंटे तक माॅक ड्रिल

Nov 06, 2026 - 17:53
0
प्रयागराज में दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन:बवाल हुआ तो कैसे संभालेंगे मोर्चा? 4 घंटे तक माॅक ड्रिल
प्रयागराज में त्योहार पर अगर अचानक बवाल हो जाए और सड़कों पर पथराव शुरू हो जाए तो पुलिस कैसे मोर्चा संभालेगी? उपद्रवियों को कैसे काबू करेगी और हालात बिगड़ने पर क्या रणनीति अपनाएगी? इन सवालों को परखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में चार घंटे तक बड़ा सुरक्षा अभ्यास किया गया। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के नेतृत्व में हुई एंटी रॉयट मॉक ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने पथराव कर रहे दंगाइयों से निपटने और भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण की तैयारियों को परखा गया। पुलिसकर्मियों को ऐसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया गया, जिनमें अचानक भीड़ उग्र हो जाए और पथराव शुरू कर दे। करीब चार घंटे तक चले इस अभ्यास में पुलिस की रणनीति, मुस्तैदी और आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा समेत कमिश्नरेट के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों की फिटनेस भी देखी मॉक ड्रिल के बाद पुलिस कमिश्नर ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार की साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद टोलीवार परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और कार्यकुशलता का जायजा लिया गया। परेड में पुलिसकर्मियों को दौड़ कराई गई और टोलीवार ड्रिल के माध्यम से उनकी शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन को परखा गया। मेस से लेकर शस्त्रागार तक का निरीक्षण परेड के बाद पुलिस कमिश्नर ने पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण किया। यहां भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इसके बाद पुलिस लाइन कार्यालय, कैंटीन और गणना कार्यालय का निरीक्षण किया। एमटी शाखा और परिवहन शाखा में वाहनों के रखरखाव और उनकी कार्यशीलता की जानकारी ली। शस्त्रागार का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं को देखा गया। वहीं, डायल-112 के वाहनों की स्थिति और उनकी कार्यशीलता भी परखी गई। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित शाखाओं के अभिलेखों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय, पुलिस उपायुक्त नगर, गंगानगर, यमुनानगर और यातायात समेत अपर पुलिस उपायुक्त नगर, गंगानगर और यमुनानगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User