गोरखपुर में फ्री हुई नगर निगम की सभी पार्किंग:6 से 8 नवंबर तक नहीं देना होगा पैसा; फेस्टिवल को देखकर लिया गया फैसला

Nov 06, 2026 - 17:53
0
गोरखपुर में फ्री हुई नगर निगम की सभी पार्किंग:6 से 8 नवंबर तक नहीं देना होगा पैसा; फेस्टिवल को देखकर लिया गया फैसला
गोरखपुर में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी करने जाने वालों के लिए नगर निगम ने पार्किंग फ्री कर दी है। नगर निगम ने शहर के सभी संचालित पार्किंग स्थलों पर तीन दिन तक पार्किंग निःशुल्क कर दी है। 6 से 8 नवंबर तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों को पार्किंग के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। नगर निगम के इस फैसले से बाजारों में खरीदारी करने आने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। धनतेरस और दीपावली पर गोलघर, घंटाघर, रेती चौक, सिटी मॉल और अन्य प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। लोग परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचते हैं। इस दौरान बाजारों के आसपास वाहनों की संख्या भी बढ़ जाती है। ऐसे में पार्किंग शुल्क देना भी लोगों के लिए अतिरिक्त खर्च होता है। नगर निगम ने त्योहार पर लोगों को इसी खर्च से राहत देने के लिए यह फैसला लिया है। सभी पार्किंग स्थलों पर लागू होगा आदेश नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था शहर में उसके सभी संचालित पार्किंग स्थलों पर लागू रहेगी। इसमें दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के वाहन शामिल हैं। 6, 7 और 8 नवंबर को पार्किंग संचालक किसी भी वाहन चालक से शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। इसके लिए सभी पार्किंग संचालकों और प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अपर नगर आयुक्त बोले- जनहित में लिया गया फैसला अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि धनतेरस और दीपावली पर आम नागरिकों की सुविधा और जनहित को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नगर निगम के सभी पार्किंग संचालकों और प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में किसी भी दोपहिया या चारपहिया वाहन से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने और नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के लिए भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इन वाहनों को नहीं मिलेगी पार्किंग की अनुमति निःशुल्क पार्किंग का मतलब सुरक्षा नियमों में छूट नहीं है। नगर निगम ने साफ किया है कि ज्वलनशील पदार्थ, विस्फोटक, प्रतिबंधित या अन्य संदिग्ध सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध पहले की तरह लागू रहेगा। इसके अलावा मासिक पास पर भी यह आदेश लागू नहीं होगा। नगर निगम ने पार्किंग संचालकों को आम नागरिकों को निश्शुल्क पार्किंग की जानकारी देने और त्योहार के दौरान व्यवस्था व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सहूलियत देना और पार्किंग को लेकर होने वाली परेशानी कम करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User