नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बनेगा 84 करोड़ का फ्लाईओवर:बिना पिलर के बनेगा आर्क टाइप ब्रिज; 610 मीटर लंबा होगा, 18 महीने में होगा पूरा

Nov 06, 2026 - 17:53
0
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बनेगा 84 करोड़ का फ्लाईओवर:बिना पिलर के बनेगा आर्क टाइप ब्रिज; 610 मीटर लंबा होगा, 18 महीने में होगा पूरा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-150 और सेक्टर-148 के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा प्राधिकरण यहां 84.16 करोड़ रुपये की लागत से नया फ्लाईओवर बनाने जा रहा है। इसके बनने से दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के दूसरे हिस्सों से सेक्टर-150 और आसपास के सेक्टरों में आने-जाने वाले लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा। इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। अब इसकी तकनीकी जांच के लिए डीपीआर आईआईटी रुड़की भेजी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। बिना बीच के पिलर के बनेगा फ्लाईओवर इस फ्लाईओवर की खास बात इसका डिजाइन है। इसे नेटवर्क आर्क टाइप ब्रिज के रूप में बनाया जाएगा। इसमें बीच में कोई पिलर या केंद्रीय सपोर्ट नहीं होगा। मुख्य ब्रिज का स्पैन 65 मीटर रखा गया है। इस डिजाइन से एक्सप्रेसवे के ऊपर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। 610 मीटर लंबा और 9.5 मीटर चौड़ा होगा प्राधिकरण के मुताबिक, फ्लाईओवर की कुल लंबाई 610 मीटर होगी। इसकी चौड़ाई 9.5 मीटर रखी गई है। इसमें 545 मीटर लंबाई के एप्रोच और रैंप भी शामिल होंगे। परियोजना पर करीब 84.16 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सेक्टर-150 जाने वालों को मिलेगा सीधा रास्ता अभी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के दूसरे हिस्सों से सेक्टर-150 की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को कनेक्टिविटी के लिहाज से परेशानी होती है। फ्लाईओवर बनने के बाद सेक्टर-150 और आसपास के सेक्टरों तक पहुंचने के लिए सीधा और समर्पित रास्ता उपलब्ध होगा। इससे इस क्षेत्र में यातायात की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना को करीब 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल डीपीआर तैयार है और उसे आईआईटी रुड़की से तकनीकी जांच के लिए भेजने की तैयारी है। जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User