अयोध्या में 1.51 लाख दीपों से जगमगाया मां कामाख्या धाम:टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड, गोमती तट पर छठे दीपोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
रामनगरी अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले मुख्य दीपोत्सव से पहले गुरुवार शाम रुदौली विधानसभा क्षेत्र का मां कामाख्या धाम भी दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। आदि गंगा गोमती के तट पर आयोजित छठे दीपोत्सव में 1 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की सुनहरी रोशनी से घाट और मंदिर परिसर जगमगा उठे। इस आयोजन ने पिछले वर्ष के दीप प्रज्वलन रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। गोमती तट पर उमड़े श्रद्धालुओं ने दीपों की इस भव्य छटा को अपने कैमरों में कैद किया। विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां गोमती की विधिवत आरती के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, घंट-घड़ियाल और जयकारों के बीच आरती हुई। इसके बाद एक साथ दीप प्रज्वलन शुरू हुआ। देखते ही देखते घाटों पर दीपों की लंबी कतारें सज गईं। पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। एक सप्ताह की तैयारी, 1100 स्वयंसेवकों ने संभाली कमान दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र के युवा, मां भक्त और स्थानीय लोग जुटे थे। आयोजन में 1100 से अधिक स्वयंसेवकों ने दीप सजाने, उनमें तेल-बाती डालने और प्रज्वलन की व्यवस्था संभाली। राम कुमार यादव इंटर कॉलेज संडवा, राम लखन इंटर कॉलेज मीरमऊ और कलावती बालिका इंटर कॉलेज बिहारा सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भजनों पर झूमे श्रद्धालु, राम दरबार की झांकी ने खींचा ध्यान लोक गायिका पूजा कौशल ने भजन और संस्कृत गीतों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राम दरबार की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर जय श्रीराम और जय मां कामाख्या के जयकारे लगाए। आयोजन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों, शिक्षकों, नगर पंचायत कर्मचारियों और पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्य दीपोत्सव में शामिल होने की अपील विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या धाम के आयोजन आमजन की श्रद्धा और सामूहिक सहयोग से सफल होते हैं। पिछले वर्ष का रिकॉर्ड टूटना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने मां से क्षेत्र की खुशहाली और विकास की कामना की। साथ ही 7 नवंबर को अयोध्या में होने वाले मुख्य दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की मौजूदगी में सभी राम भक्तों और मां भक्तों से सहभागी बनने की अपील की। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल, सुमन पासवान, तेजा तिवारी, निखिलेश मिश्रा, प्रेमनाथ, अजीत प्रताप सिंह, वेद प्रकाश शुक्ला, राकेश तिवारी, विकास मिश्रा, उदय प्रताप सिंह और सबीना खातून सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)