बाइक टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर छात्र की मौत:सीतापुर में हादसा; साथी गंभीर घायल, चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 4 बजे सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर कल्ली चौराहे के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो स्कूली छात्रों को पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। बाइक टकराने के बाद 25 मीटर तक सड़क पर फिसले चांदपुर निवासी रामखेलावन का 18 वर्षीय बेटा लवकुश रामसेवक विशुन गोपाल इंटर कॉलेज, कल्ली चौराहा में पढ़ता था। सोमवार को वह अपने दोस्त करन कुमार (18) पुत्र रजनीश निवासी बीबीपुर, थाना नौमिष के साथ बाइक से घूमने निकला था। कल्ली चौराहे के पास हमारा पंप कल्ली साईरामा के सामने उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों छात्र सड़क पर गिरकर करीब 25 मीटर तक फिसलते चले गए। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को जिला अस्पताल रेफर किया सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल करन को सीएचसी मछरेहटा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने लवकुश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां बेसुध लवकुश की मौत की खबर मिलते ही मां रेशमा देवी बेसुध हो गईं। पिता रामखेलावन ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। विद्यालय के छात्रों के मुताबिक, लवकुश अपने चाचा की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर आया था, जो स्कूल में खड़ी है। हादसे के समय दोनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस मिश्रिख कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)