चंदौली में राज्यस्तरीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप होगी:कुरहना के प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में 2 दिसंबर तक चलेगी प्रतियोगिता
चंदौली जिले के कुरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश राज्यस्तरीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप होगी। इसका आयोजन चंदौली जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन कर रहा है। प्रतियोगिता में सब जूनियर बालक-बालिका, जूनियर और सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू, उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन एसोसिएशन की अध्यक्ष सबीना यादव, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता विजय शर्मा और दक्षिण एशियाई भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष डॉ. सहदेव यादव भी मौजूद रहेंगे। तैयारियों को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट, वाराणसी कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष और चंदौली जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. पीयूष यादव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, शौचालय, रोशनी और मैदान में टेंट लगाने की व्यवस्था देखी। उन्होंने संबंधित लोगों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि डॉ. सहदेव यादव, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पद्मश्री व खेल रत्न से सम्मानित मीराबाई चानू, सबीना यादव और विजय शर्मा की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। चंदौली जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस मौके पर स्कूल के निदेशक दिवाकर यादव, आरपी सिंह और स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली के जिला महासचिव कुमार नन्दजी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)